ताज प्रेस क्लब का स्थापना दिवस कल, संस्कृति भवन में ‘यादों के झरोखे से’ स्मारिका का होगा विमोचन

आगरा। ताज प्रेस क्लब, आगरा का 36वां स्थापना दिवस शनिवार (23 मई) को समारोह के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर क्लब की विशेष स्मारिका ‘यादों के झरोखे से: ताज प्रेस क्लब’ का लोकार्पण भी किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन पूर्वाह्न 11 बजे से संस्कृति भवन, ललित कला संस्थान में होगा।

May 22, 2026 - 21:19
 0
ताज प्रेस क्लब का स्थापना दिवस कल, संस्कृति भवन में ‘यादों के झरोखे से’ स्मारिका का होगा विमोचन

समारोह में पत्रकारिता, प्रशासन, शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य होंगी। विशिष्ट अतिथियों के रूप में राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजीलाल सुमन, सेवानिवृत्त आईएएस एवं आगरा के तत्कालीन जिलाधिकारी आगरा अमल कुमार वर्मा तथा जिलाधिकारी मनीष बंसल मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा की कुलपति आशु रानी करेंगी।

पत्रकारिता की स्मृतियों और उपलब्धियों का होगा संगम

ताज प्रेस क्लब के संस्थापक अध्यक्ष राजीव सक्सेना एवं स्मारिका के प्रधान संपादक गजेंद्र यादव ने बताया कि यह समारोह ताज प्रेस क्लब की गौरवशाली यात्रा, पत्रकारिता के मूल्यों और मीडिया जगत के योगदान को समर्पित रहेगा। समारोह के दौरान क्लब की पुरानी स्मृतियों, उपलब्धियों और पत्रकारिता के विभिन्न आयामों को साझा किया जाएगा।

उन्होंने समस्त पत्रकारों, प्रेस फोटोग्राफर्स, कैमरामैन एवं मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

आयोजकों के अनुसार यादों के झरोखे से: ताज प्रेस क्लब स्मारिका में क्लब के इतिहास, संघर्ष, उपलब्धियों और पत्रकारिता के बदलते स्वरूप को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया है।

SP_Singh AURGURU Editor