अश्लील वीडियो वायरल होने से दहशत में किशोरी, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप, आत्महत्या की चेतावनी

पिनाहट की एक नाबालिग किशोरी ने युवक पर छेड़छाड़, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई, जिससे वह लगातार भय और मानसिक तनाव में है। न्याय की मांग को लेकर उसने पुलिस कमिश्नर को प्रार्थना पत्र सौंपा है और कार्रवाई न होने पर आत्महत्या की चेतावनी दी है। मामले की जांच जारी है।

Jun 25, 2026 - 14:17
 0
अश्लील वीडियो वायरल होने से दहशत में किशोरी, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप, आत्महत्या की चेतावनी
घटना की जानकारी देती किशोरी।

पिता के साथ पुलिस कमिश्नर से लगाई गुहार, आरोपी की गिरफ्तारी न होने से परिवार में भय का माहौल

आगरा/पिनाहट। थाना पिनाहट क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली नाबालिग किशोरी ने छेड़छाड़, अश्लील वीडियो वायरल करने और पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई न किए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने न्याय न मिलने पर आत्महत्या जैसा कदम उठाने की चेतावनी दी है। उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों में भी हलचल मच गई है।

पीड़िता अपने पिता के साथ पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंची और प्रार्थना पत्र देकर मामले में निष्पक्ष जांच तथा आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। किशोरी का आरोप है कि क्षेत्र का एक युवक लंबे समय से उसे परेशान कर रहा था। आरोप है कि युवक ने उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने का प्रयास किया और उस वीडियो का भय दिखाकर उस पर दबाव बनाने की कोशिश की।

किशोरी का कहना है कि जब उसने युवक के दबाव का विरोध किया तो आरोपी ने कथित रूप से वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इसके बाद उसे मानसिक प्रताड़ना और सामाजिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीड़िता के अनुसार, मामले की शिकायत पुलिस से की गई और रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से वह लगातार भय के माहौल में जी रही है।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि शिकायत के बाद कुछ लोगों ने उसके पिता और उसके साथ मारपीट की। परिवार का कहना है कि आरोपी पक्ष के दबाव और लगातार उत्पीड़न के कारण किशोरी का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में किशोरी ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि यदि उसे सुरक्षा और न्याय नहीं मिला तो वह कोई कठोर कदम उठाने को मजबूर हो सकती है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।

हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच के बाद क्या कार्रवाई सामने आती है।