यमुना किनारे ठाकुर मथुराधीश मंदिर में पुरुषोत्तम मास में हर दिन सजेगा फूल बंगला, वर्षभर के उत्सवों का होगा आयोजन
आगरा। यमुना किनारा स्थित श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज के ऐतिहासिक पुष्टिमार्गीय मंदिर में पुरुषोत्तम मास के अवसर पर भक्ति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। 17 मई से 16 जून तक चलने वाले इस धार्मिक महोत्सव में प्रतिदिन विभिन्न उत्सवों का आयोजन किया जाएगा तथा ठाकुर जी को भव्य फूल बंगले में विराजमान किया जाएगा।
यह जानकारी आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम के दौरान यमुना आरती स्थल, यमुना किनारा पर श्रद्धालुओं द्वारा साझा की गई।
350 वर्ष पुरानी परंपरा का भव्य निर्वहन
मंदिर के महंत नन्दन श्रोत्रिय और ब्रज खंडेलवाल ने बताया कि यह आगरा का एकमात्र वैष्णव सम्प्रदाय का मंदिर है, जहां लगभग 350 वर्षों से पुरुषोत्तम मास में वर्षभर के सभी प्रमुख त्योहारों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह परंपरा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि ब्रज संस्कृति की जीवंत पहचान भी है।
उन्होंने बताया कि 17 मई को पटोत्सव के साथ इस दिव्य आयोजन का शुभारंभ होगा।
शाम 6 से रात 10 बजे तक दर्शन, हर दिन सजेगा फूल बंगला
मंदिर में पुरुषोत्तम मास के दौरान प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की व्यवस्था रहेगी। ठाकुर जी को प्रतिदिन विशेष रूप से फूलों से सजे भव्य बंगले में विराजमान किया जाएगा।
दिल्ली, अजमेर, कोलकाता सहित विभिन्न स्थानों से मंगाए गए विशेष पुष्पों से मंदिर को सजाया जाएगा, जिससे भीषण गर्मी में भी वातावरण शीतल और भक्तिमय बना रहे।
वर्षभर के सभी पर्वों का होगा दिव्य आयोजन
महंत जुगल किशोर श्रोत्रिय और डॉ. हरेन्द्र गुप्ता ने बताया कि इस पुरुषोत्तम मास में श्रीनाथ जी की सेवा के अंतर्गत रक्षा बंधन, होली, दीपावली, भाई दूज, हरियाली तीज सहित वर्षभर के सभी प्रमुख त्योहारों का प्रतीकात्मक एवं भव्य आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर ब्रज की परंपरा और संस्कृति को आत्मसात करें।
यमुना पूजन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम से पूर्व श्रद्धालुओं द्वारा यमुना मैय्या का दूध एवं पुष्पों से पूजन कर आरती की गई। इस अवसर पर वातावरण पूरी तरह भक्ति रस में सराबोर हो गया। इस अवसर पर जगन प्रसाद तेरीया, रोहित गुप्ता, सुरेंद्र सिंह, अपला शर्मा, सूर्या श्रोत्रिय, चतुर्भुज तिवारी, राहुल राज, दीपक राजपूत, निधि पाठक, पद्मिनी ताजमहल, मीरा खंडेलवाल, बल्लभ अभिनव श्रोत्रिय सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।