एसबीआई के बाहर डेढ़ लाख की चोरी का खुलासा, बाइक से बैग पार करने वाला गैंग चढ़ा पुलिस के हत्थे
आगरा के कागारौल में एसबीआई बैंक के बाहर मोटरसाइकिल से डेढ़ लाख रुपये चोरी करने वाले गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर नकदी, अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपियों ने पूछताछ में वारदात कबूल की और बताया कि रकम आपस में बांट ली थी। एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
कागारौल में वारदात के बाद एक्टिव हुई पुलिस, 4 शातिर गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस और नकदी बरामद
आगरा। आगरा के कागारौल थाना क्षेत्र में एसबीआई बैंक के बाहर हुई डेढ़ लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। संयुक्त कार्रवाई में थाना कागारौल पुलिस, साइबर सर्विलांस, काउंटर इंटेलीजेंस और एसओजी पश्चिमी जोन की टीम ने चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18,100 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा और .315 बोर के दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
घटना 24 मार्च 2026 की है। खेरागढ़ थाना क्षेत्र के गढ़ी अतिवल बरबर सालेहनगर निवासी सुनील कुमार उपाध्याय अपने पिता के साथ कागारौल स्थित एसबीआई बैंक में किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) का लोन जमा करने आए थे। उन्होंने बैंक के बाहर अपनी मोटरसाइकिल खड़ी की और बैग उसी पर टांग दिया। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे चोरों ने मौका पाकर बैग पार कर दिया। बैग में करीब 1.5 लाख रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज रखे थे। पीड़ित की तहरीर पर थाना कागारौल में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए कई टीमों को लगाया गया। मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद से पुलिस को अहम सुराग मिले। 13 अप्रैल 2026 को पुलिस ने ग्राम नगला परमसुख जाने वाले मार्ग से दो आरोपियों सुखभइया और करीमराज को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर किरावली रोड से नगला जसोला मार्ग पर अकीन और जानू को भी दबोच लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने मिलकर इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। गिरोह में सुखभइया, करीमराज, अकीन और राज मल्होत्रा शामिल थे।
चोरी के बाद सभी ने रकम आपस में बांट ली थी। पहचान छिपाने के लिए बैग में रखे जरूरी कागजात को नाले में फेंक दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 18,100 रुपये बरामद किए हैं, जबकि बाकी रकम वे खर्च कर चुके हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित मामलों और आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। साथ ही फरार आरोपी राज मल्होत्रा की तलाश भी जारी है।