पशु व्यापारियों से लूट और मारपीट करने वाले तीन बदमाश दबोचे, 24 घंटे में आगरा पुलिस का खुलासा, लूटी गई बाइक, रकम और तीन तमंचे बरामद
आगरा। थाना खेड़ा राठौर क्षेत्र में पशु व्यापारियों के साथ मारपीट और लूट की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से लूटी गई बाइक, घटना में प्रयुक्त दूसरी बाइक, तीन अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और लूटी गई नकदी बरामद की गई है।
पशु खरीदने आए व्यापारियों को बनाया था शिकार
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने फिरोजाबाद से गाय खरीदने आए पशु व्यापारियों को निशाना बनाया था। जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद क्षेत्र से दो पशु व्यापारी थाना खेड़ा राठौर क्षेत्र के गांव गुमानसिंह पुरा में गाय खरीदने के लिए बुलावे पर पहुंचे थे। आरोपियों ने पहले पशु बेचने के बहाने व्यापारियों को बुलाया और फिर सुनसान स्थान पर ले जाकर उनके साथ मारपीट की।
बदमाशों ने व्यापारियों पर तमंचों की बट से हमला किया और नकदी व बाइक लूटकर फरार हो गए थे। घटना में दोनों व्यापारी घायल हो गए थे, जिनका पुलिस ने मेडिकल कराया था।
24 घंटे में पुलिस ने दबोचे आरोपी
घटना के बाद पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। थाना खेड़ा राठौर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
एसीपी हरेकृष्ण शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश, नरेंद्र और अरविंद के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक लूटी हुई बाइक और घटना में प्रयुक्त दूसरी बाइक बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से तीन अवैध तमंचे और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा लूटे गए तीन हजार रुपये भी बरामद कर लिए गए हैं।
गैंग के अन्य कनेक्शन भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का कोई बड़ा गिरोह तो सक्रिय नहीं है और क्या इससे पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।