आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद क्षेत्र में कुछ घंटों के भीतर तीन सड़क हादसे: कहीं खराब बस से टकराई पिकअप तो कहीं चालक को नींद पड़ी भारी, एक कार पुलिया में जा घुसी, कई लोग घायल

आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के कुछ ही घंटों के अंतराल में तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हुईं। दो हादसों में वाहन चालकों को नींद की झपकी आना दुर्घटना का कारण बना, जबकि एक मामले में खराब खड़ी बस में पीछे से पिकअप वाहन जा घुसा। तीनों घटनाओं में कई लोग घायल हुए, हालांकि किसी की जान नहीं गई। सूचना मिलते ही यूपीडा सुरक्षा अधिकारियों, पुलिस, पीआरवी, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, एटलस सेफ्टी टीम और क्रेन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। घायलों को अस्पताल भेजकर यातायात को शीघ्र सामान्य करा दिया गया।

Jun 18, 2026 - 12:29
 0
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद क्षेत्र में कुछ घंटों के भीतर तीन सड़क हादसे: कहीं खराब बस से टकराई पिकअप तो कहीं चालक को नींद पड़ी भारी, एक कार पुलिया में जा घुसी, कई लोग घायल
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बीती रात पुलिया में घुसी कार।

पुलिया से टकराई कार, पांच लोग घायल

तीसरी दुर्घटना रात करीब 12:15 बजे किलोमीटर 36+500 (आरएचएस) पर हुई। कार संख्या यूपी-86-क्यू-6069 (हुंडई ईऑन) को चालक दिनेश पुत्र दाताराम, निवासी नगला सुखराम, आगरा चला रहे थे। उनके साथ अभय सोनी पुत्र रबीस वर्मा (दयालबाग, आगरा), लीना वर्मा पुत्री दिनेश चंद्र वर्मा (हाथरस), शैफाली पुत्री सुरेश चंद्र वर्मा (प्रतापनगर, आगरा) तथा सालू वर्मा पत्नी मोहित वर्मा (प्रतापनगर, आगरा) भी सवार थे।

लखनऊ से आगरा लौटते समय चालक को नींद आने से कार मध्य डिवाइडर की पुलिया से टकरा गई। दुर्घटना में सभी यात्रियों को मामूली चोटें आईं तथा कार क्षतिग्रस्त हो गई।

सूचना मिलते ही एसएसडी मोबाइल द्वितीय, पीआरवी-9062 एवं 8647, लुहारी चौकी पुलिस, एंबुलेंस-54 एवं 27, फायर टेंडर, एटलस सेफ्टी टीम, क्रेन तथा यूपीडा-5 की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सीएचसी फतेहाबाद भेजा गया। क्षतिग्रस्त कार को लुहारी चौकी परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। राहत कार्य पूरा होने के बाद यातायात सामान्य रूप से संचालित करा दिया गया।

यूपीडा के सुरक्षा अधिकारियों सुधीश कुमार शुक्ला तथा राधामोहन द्विवेदी के नेतृत्व में तीनों घटनाओं में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य संपन्न कराया गया।

सोते चालक ने बस में मारी टक्कर, कई यात्री घायल

वह बस जिसमें पीछे से दूसरी बस ने टक्कर मारी।

पहली दुर्घटना किलोमीटर 28+900 (आरएचएस) पर हुई। सीतामढ़ी (बिहार) से जयपुर जा रही गंगासागर ट्रैवल्स की बस संख्या यूपी-86-टी-5226, जिसे चालक निसार खान पुत्र अमीन खान निवासी सीतामढ़ी (बिहार) चला रहा था, आगे चल रही थी। बस में लगभग 65 यात्री सवार थे।

इसी दौरान पीछे से गोरखपुर से दिल्ली जा रही फिलिप्स ट्रैवल्स की बस संख्या बीआर-28-पी-3708, जिसे चालक बबलू पुत्र सूबेदार सिंह, निवासी मिरहची, जिला एटा चला रहा था, चालक को नींद आने के कारण अनियंत्रित होकर आगे चल रही बस से जा टकराई।

दुर्घटना में आगे वाली बस में सवार अंशिका पुत्री सत्येंद्र यादव और राबिया खातून पुत्री अब्दुल को मामूली चोटें आईं, जबकि पीछे वाली बस का चालक बबलू, शताक्षी पुत्री संजय पांडे (गोरखपुर), मुकेश पांडे पुत्र रामलोट पांडे, सुरेंद्र सिंह पुत्र मेहराम सिंह निवासी मझौली, फरीदाबाद तथा रितिक यादव पुत्र सुरेंद्र सिंह भी घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस-27 और सीएचसी फतेहाबाद में उपचार दिलाया गया।

दुर्घटना के बाद दोनों बसों के यात्रियों को अन्य बसों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। यूपीडा-5, पीआरबी-9069, एंबुलेंस-27 एवं 21, थाना फतेहाबाद पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त बसों को हटाकर टोल-27 पर सुरक्षित खड़ा कराया। इसके बाद यातायात सामान्य कर दिया गया।

खराब खड़ी बस में पीछे से घुसी पिकअप, चालक घायल

बस में पिकअप द्वारा पीछे से मारी गई टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त वाहन को अलग करती क्रेन।

दूसरी दुर्घटना तड़के करीब 3:10 बजे किलोमीटर 17+500 (एलएचएस) पर हुई। बस संख्या बीआर-28-पी-3457, जिसे चालक अजय कुमार पुत्र बलराम सिंह, निवासी जसराना, जिला फिरोजाबाद चला रहा था, की फैन बेल्ट टूट गई थी। चालक बस को पीली पट्टी पर खड़ा कर उसे ठीक कर रहा था।

इसी दौरान जैसलमेर से दानापुर (बिहार) जा रही पिकअप संख्या डीएल-01-एएन-4034, जिसे चालक प्रवीण कुमार पुत्र राजवीर कुमार, निवासी बुटाना, तहसील गोहाना, जिला सोनीपत चला रहा था, चालक को नींद आने के कारण खड़ी बस से पीछे जा टकराई।

हादसे में पिकअप का अगला हिस्सा और बस का पिछला दाहिना भाग क्षतिग्रस्त हो गया। पिकअप चालक प्रवीण कुमार के पैर में चोट आई, जिसे एंबुलेंस-27 द्वारा एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा भेजा गया। बस को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया तथा क्षतिग्रस्त पिकअप को क्रेन की सहायता से हटाने की कार्रवाई की गई।

SP_Singh AURGURU Editor