'हरे कृष्ण' संकीर्तन के जरिए इस्कॉन की आमंत्रण यात्रा ने घर-घर पहुंचाया श्रीजगन्नाथ रथयात्रा का संदेश

आगरा में 16 जुलाई को निकलने वाली भव्य श्रीजगन्नाथ रथयात्रा से पहले इस्कॉन मंदिर ने पुरानी शहर की गलियों में भव्य आमंत्रण यात्रा निकालकर भक्तिमय माहौल बना दिया। मृदंग, मंजीरों और "हरे कृष्ण" संकीर्तन के बीच भगवान श्रीजगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलराम के विग्रह स्वरूप के साथ निकली यात्रा का विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा और जयघोष से स्वागत किया गया। इस्कॉन ने 14 जुलाई को नयन उत्सव, 15 जुलाई को छप्पन भोग और 16 जुलाई को भव्य रथयात्रा में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से शामिल होने का आह्वान किया।

Jul 11, 2026 - 22:30
 0
'हरे कृष्ण' संकीर्तन के जरिए इस्कॉन की आमंत्रण यात्रा ने घर-घर पहुंचाया श्रीजगन्नाथ रथयात्रा का संदेश
श्रीजगन्नाथ जी की रथयात्रा के लिए शनिवार को इस्कॊन द्वारा निकाली गई आमंत्रण यात्रा की एक झलक।

आगरा। कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) द्वारा आयोजित होने वाले श्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए रविवार को पुरानी शहर की गलियों में भव्य आमंत्रण यात्रा निकाली गई। मृदंग और मंजीरों की मधुर धुन तथा "हरे कृष्ण, हरे कृष्ण... हरे राम, हरे राम..." के संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

आमंत्रण यात्रा में भगवान श्रीजगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलराम के विग्रह स्वरूप श्रद्धालुओं के सिर पर विराजमान रहे। यात्रा में शामिल श्रद्धालु भक्ति भाव से संकीर्तन करते हुए आगे बढ़ते रहे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष के साथ यात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर लोग अपने घरों और प्रतिष्ठानों से बाहर निकलकर दर्शन करते रहे, जबकि अनेक श्रद्धालु संकीर्तन की धुन पर भावविभोर होकर नृत्य करते दिखाई दिए।

पीपल वाले गेट से प्रारंभ हुई इस आमंत्रण यात्रा का शुभारंभ इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप प्रभु ने भगवा ध्वज दिखाकर किया। यात्रा सिंधी बाजार, फव्वारा, किनारी बाजार, रावतपाड़ा, दरेसी और कचहरी घाट होते हुए बेलनगंज तिराहे पर संपन्न हुई।

इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप प्रभु ने बताया कि 16 जुलाई को बल्केश्वर महादेव मंदिर से भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से इस ऐतिहासिक एवं भक्तिमय आयोजन में बड़ी संख्या में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि 14 जुलाई को रश्मि नगर, कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में नयन उत्सव आयोजित होगा। स्नान पूर्णिमा के बाद 14 दिनों के विश्राम उपरांत भगवान श्रीजगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलराम भक्तों को पुनः दर्शन देंगे। 15 जुलाई को छप्पन भोग एवं फूल बंगला की आकर्षक झांकी सजाई जाएगी, जबकि 16 जुलाई को बल्केश्वर महालक्ष्मी मंदिर से भव्य श्रीजगन्नाथ रथयात्रा निकाली जाएगी।

इसके अलावा 12 जुलाई को शाम 5 बजे बल्केश्वर महादेव मंदिर से एक और आमंत्रण यात्रा निकलेगी, जो बल्केश्वर और कमला नगर क्षेत्र का भ्रमण करते हुए रश्मि नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर पहुंचेगी। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर दर्शन लाभ लेने का आग्रह किया।

इस अवसर पर विमल नयन फतेहपुरिया, प्रदीप बंसल, शैलेन्द्र अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, संजय कुकरैजा, सूरज और राजेश मल्होत्रा सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor