आगरा में ट्रैफिक सिपाही पर हमला, नियम तोड़ने से रोका तो स्कूटी सवारों ने जड़ा मुक्का, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
आगरा के रकाबगंज थाना क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान ट्रैफिक सिपाही निखिल कसाना पर स्कूटी सवार दो युवकों ने हमला कर दिया। नियम उल्लंघन पर रोकने से नाराज युवकों ने सिपाही को मुक्का मारा और फरार हो गए। सिपाही ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया था, लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी स्कूटी छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश शुरू कर दी है।
आगरा। आगरा के थाना रकाबगंज थाना क्षेत्र स्थित करिअप्पा चौराहे पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक सिपाही के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। नियम उल्लंघन पर स्कूटी सवार दो युवकों को रोकना सिपाही को भारी पड़ गया। आरोप है कि युवकों ने न केवल अभद्रता की, बल्कि सिपाही को मुक्का मारकर मौके से भागने की कोशिश की।
घटना के अनुसार, ट्रैफिक सिपाही निखिल कसाना चौराहे पर नियमित चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहे स्कूटी सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। बताया जा रहा है कि रोकने पर दोनों युवक भड़क गए। पीछे बैठे युवक ने गाली-गलौज करते हुए अचानक सिपाही पर हमला कर दिया और उसे मुक्का मार दिया।
हमले के बाद दोनों आरोपी स्कूटी लेकर भाग निकले। सिपाही ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत बाइक से उनका पीछा किया। काफी दूर तक पीछा करने के बाद फतेहाबाद रोड पर दोनों को पकड़ लिया गया, लेकिन मौके पर जुटी भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी स्कूटी छोड़कर फरार हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सिपाही और युवकों के बीच हुई झड़प देखी जा सकती है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।