बरेली में जन्माष्टमी की शोभायात्रा के बाद दर्दनाक हादसा, हाईटेंशन लाइन से टकराया लोहे का पाइप, ट्रैक्टर-ट्रॉली में उतरा करंट; चालक और 10 वर्षीय बालक की मौत

-आरके सिंह- बरेली। जिले के शीशगढ़ थाना क्षेत्र में जन्माष्टमी की शोभायात्रा के दौरान शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। झांकी लेकर लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लगा लोहे का पाइप रास्ते में झूल रही हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली में करंट दौड़ गया और तेज धमाका हुआ। हादसे में ट्रैक्टर चालक वीरेंद्र (28) और 10 वर्षीय बालक दीप की मौत हो गई, जबकि साउंड सिस्टम संचालक बंटी गंभीर रूप से झुलस गया।

Sep 6, 2026 - 13:16
 0
बरेली में जन्माष्टमी की शोभायात्रा के बाद दर्दनाक हादसा, हाईटेंशन लाइन से टकराया लोहे का पाइप, ट्रैक्टर-ट्रॉली में उतरा करंट; चालक और 10 वर्षीय बालक की मौत
विद्युत करंट के हादसे में मृत बालक और ड्राइवर के फाइल फोटो।

झांकी लौटते समय हुआ हादसा

पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चन्द्र मिश्रा के अनुसार, शनिवार रात गांव में जन्माष्टमी की शोभायात्रा निकाली जा रही थी। शोभायात्रा में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली पर साउंड सिस्टम लगाया गया था। शोभायात्रा समाप्त होने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली लौट रही थी। इसी दौरान ट्रॉली पर लगा लोहे का पाइप रास्ते में काफी नीचे झूल रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। लाइन के संपर्क में आते ही ट्रॉली में करंट दौड़ गया और तेज धमाका हुआ।

करंट फैलते ही मची भगदड़

पूर्व प्रधान तिरमोहन सिंह ने बताया कि करंट उतरने के बाद ट्रॉली में सवार लोगों में अफरातफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए नीचे कूदने लगे। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक वीरेंद्र, साउंड सिस्टम संचालक बंटी और 10 वर्षीय बालक दीप करंट की चपेट में आ गए। गंभीर हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

बालक की मौके पर मौत, चालक ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे में 10 वर्षीय दीप की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसे ट्रैक्टर चालक वीरेंद्र को उपचार के लिए बरेली ले जाया गया, लेकिन शनिवार देर रात उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। साउंड सिस्टम संचालक बंटी गंभीर रूप से झुलसा है और उसका उपचार चल रहा है।

हाईटेंशन लाइन को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। पूर्व प्रधान तिरमोहन सिंह का कहना है कि शोभायात्रा की जानकारी होने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से हाईटेंशन लाइन को ऊंचा नहीं कराया गया। उन्होंने बताया कि लाइन काफी नीचे झूल रही थी और इसी वजह से ट्रॉली पर लगा लोहे का पाइप उसके संपर्क में आ गया। हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश है।

राजस्व टीम से मांगी गई रिपोर्ट

एसडीएम रामगोपाल शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मामले में राजस्व टीम से रिपोर्ट तलब की गई है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों और बिजली लाइन की स्थिति की जांच की जा रही है। ग्रामीणों की ओर से लगाए गए बिजली विभाग की लापरवाही के आरोपों को भी जांच के दायरे में लिया जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor