आगरा में चौपाटी पर दर्दनाक हादसाः जिप लाइनिंग झूले का कुंडा टूटने से 15 साल का किशोर नीचे आ गिरा, मौके पर ही मौत, रोमांच बन गया जानलेवा

आगरा। थाना ताजगंज क्षेत्र स्थित आगरा चौपाटी में शनिवार को हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। जिप लाइनिंग झूले पर सवार होकर रोमांच का आनंद ले रहे 15 वर्षीय किशोर की अचानक गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई, वहीं परिजन शव के पास दहाड़ मारकर रोते-बिलखते नजर आए।

May 24, 2026 - 20:46
 0
आगरा में चौपाटी पर दर्दनाक हादसाः जिप लाइनिंग झूले  का कुंडा टूटने से 15 साल का किशोर नीचे आ गिरा, मौके पर ही मौत, रोमांच बन गया जानलेवा
झूले से गिरकर मृत किशोर के शव के पास बैठकर विलाप करते परिजन।

झूले से नीचे गिरते ही गई किशोर की जान

जानकारी के अनुसार आगरा चौपाटी में संचालित जिप लाइनिंग झूले पर 15 वर्षीय किशोर सवारी कर रहा था, तभी अचानक वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। हादसा इतना दर्दनाक था कि किशोर की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। मृतक का नाम कुणाल अग्रवाल है जो फिरोजाबाद के उत्तर थाना क्षेत्र के गांधी नगर निवासी पंकज अग्रवाल का पुत्र था। समझा जा रहा है कि कुणाल अपने परिवार के साथ चौपाटी पर घूमने आया था, जहां एडवेंचर राइड के दौरान जिप लाइनिंग झूले का कुंडा टूटने से वह नीचे आ गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चौपाटी परिसर में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। जिसने भी यह दृश्य देखा, उसकी रूह कांप उठी। 

परिवार में कोहराम, शव के पास बिलखते रहे परिजन

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां किशोर का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव के पास दहाड़ मारकर रोते रहे और माहौल बेहद गमगीन हो गया। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि आखिर किशोर कैसे झूले से नीचे गिरा। क्या उसकी पकड़ कमजोर पड़ी या फिर झूले में किसी कमी की वजह से यह हादसा हुआ। 

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, जिप लाइनिंग कंपनी पर लापरवाही के आरोप

हादसे के बाद जिप लाइनिंग संचालन करने वाली कंपनी की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि रोमांचक झूलों में पर्याप्त सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी ताज सुरक्षा और थाना ताजगंज पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

चौपाटी पर सुरक्षा या लापरवाही? बड़ा सवाल बरकरार

इस दर्दनाक हादसे ने आगरा चौपाटी पर लगे मनोरंजन साधनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते मानकों की जांच होती, तो शायद यह दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी।

SP_Singh AURGURU Editor