आगरा में एमजी रोड पर दर्दनाक हादसाः राजामंडी चौराहे के पास क्रेन के पहिये के नीचे आने से महिला की मौत, बेटी घायल

आगरा। शहर के व्यस्ततम एमजी रोड पर बुधवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां राजामंडी चौराहे के पास एक क्रेन ने स्कूटी सवार महिला को कुचल दिया। महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी घायल होकर बेसुध हो गई। घटना के बाद क्रेन चालक मौके से फरार हो गया।

Apr 22, 2026 - 20:17
 0
आगरा में एमजी रोड पर दर्दनाक हादसाः राजामंडी चौराहे के पास क्रेन के पहिये के नीचे आने से महिला की मौत, बेटी घायल
राजामंडी चौराहे पर हादसे में मृत महिला का शव।

संतुलन बिगड़ा और मौत बनकर आई क्रेन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला अपनी बेटी के साथ स्कूटी से सेंट जॉन्स चौराहे से राजामंडी की ओर जा रही थी। जैसे ही वे राजामंडी चौराहे के पास पहुंचीं, एक ओर क्रेन और दूसरी ओर रिक्शा आ गया। दोनों वाहनों के बीच स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और मां-बेटी सड़क पर गिर पड़ीं। इसी दौरान चलती क्रेन का पहिया महिला के ऊपर से गुजर गया।

बेटी के सामने मां की दर्दनाक मौत

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में मृतका की बेटी को भी चोटें आई हैं और वह बेहोश हो गई। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और माहौल गमगीन हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में घायल बेटी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है, क्योंकि घायल बेटी अभी होश में नहीं आई है। पुलिस क्रेन चालक की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor