यमुना एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक में घुसी कैशवैन, एक की मौत, 3 गंभीर

आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर नादऊ कट के पास एक बुलेरो कैशवैन खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने गैस कटर से गाड़ी काटकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

May 25, 2026 - 14:33
 0
यमुना एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक में घुसी कैशवैन, एक की मौत, 3 गंभीर
दुर्घटनाग्रस्त केशवैन।

आगरा। आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नादऊ कट के पास तेज रफ्तार बुलेरो कैशवैन सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैशवैन के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें दो की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और डायल-112 की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। कैशवैन में फंसे घायलों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। वाहन पूरी तरह दब जाने के कारण गैस कटर की मदद से गाड़ी काटकर सभी को बाहर निकाला गया।

पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कैशवैन तेज रफ्तार में थी और चालक को खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ।

घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।