आगरा में दर्दनाक हादसा, पक्की सराय में मकान का छज्जा ढहा, किशोर की मौत, कई घायल

आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र स्थित पक्की सराय में मंगलवार को एक मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में गली में मौजूद करीब 15 वर्षीय किशोर की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि 65 वर्षीय पापड़ विक्रेता समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। पुलिस और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे।

Jun 17, 2026 - 19:58
Jun 17, 2026 - 20:02
 0
आगरा में दर्दनाक हादसा, पक्की सराय में मकान का छज्जा ढहा, किशोर की मौत, कई घायल
मृतक बच्चे का फाइल फोटो, घर में मचा कोहराम।

आगरा। आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र अंतर्गत मदीना वाली मस्जिद के पास स्थित पक्की सराय में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पुराने मकान का गार्डर टूटने से उसका छज्जा अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ा। छज्जा गिरते ही पूरे इलाके में जोरदार धमाका हुआ और गली में मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय कुछ बच्चे गली में खेल रहे थे, जबकि एक फेरी वाला भी वहीं से गुजर रहा था। अचानक छज्जा गिरने से कई लोग मलबे के नीचे दब गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

15 वर्षीय किशोर की मौत, बुजुर्ग पापड़ विक्रेता गंभीर

हादसे में मलबे के नीचे दबने से करीब 11  वर्षीय एक किशोर फैसल पुत्र शानू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 65 वर्षीय पापड़ विक्रेता रमेश राठौर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति सहित कई लोग भी चोटिल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए मलबा हटाया और घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान

घटना के बाद आसपास के लोगों ने बिना समय गंवाए बचाव अभियान शुरू कर दिया। लोगों ने हाथों और उपलब्ध संसाधनों की मदद से मलबा हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की तत्परता से कई लोगों की जान बचाई जा सकी।

अंसार का बताया जा रहा है मकान

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिस मकान का छज्जा गिरा है, वह अंसार नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि मकान काफी पुराना होने के कारण उसका गार्डर कमजोर हो गया था, जिसके चलते यह हादसा हुआ। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

मौके पर तैनात है पुलिस और प्रशासनिक अमला

हादसे की सूचना मिलते ही थाना ताजगंज पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंच गए। क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर बचाव कार्य चलाया गया। प्रशासन ने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं और मकान की संरचनात्मक स्थिति की भी जांच कराई जा रही है।