आगरा में ट्रांसयमुना पुलिस का बड़ा खुलासा, 6 शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद

आगरा के ट्रांसयमुना थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। आरोपी मोबाइल छिनैती, ताला तोड़कर चोरी और कॉपर तार चोरी जैसी वारदातों में शामिल थे। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद कर सभी को जेल भेज दिया।

Apr 24, 2026 - 17:11
 0
आगरा में ट्रांसयमुना पुलिस का बड़ा खुलासा, 6 शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद
पुलिस की गिरफ्त में मास्क पहने शातिर चोर।

आगरा। आगरा में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना ट्रांसयमुना पुलिस ने 6 शातिर चोरों के गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने इन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का भारी मात्रा में सामान भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार शातिर चोर शहर के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय थे और लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे थे। ये आरोपी मोबाइल छिनैती, घरों और दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने के साथ-साथ दुकानों से कॉपर तार चोरी जैसी घटनाओं में शामिल थे। जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी किए गए सामान को बेचकर आपस में रकम का बंटवारा करते थे और उसी पैसे से अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस को इनकी तलाश पिछले कई मामलों में थी, खासकर बीते तीन महीनों में हुई चोरी की घटनाओं के बाद इन पर नजर रखी जा रही थी।

थाना ट्रांसयमुना अध्यक्ष हरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस गैंग को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इनके पास से चोरी का माल बरामद कर लिया और सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राहत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए थानाध्यक्ष और उनकी टीम का आभार जताया है।