इश्क का जाल, मौत का ख्याल…दिल टूटने पर मौत को गले लगाने जा रहे किशोर की जिंदगी बचा ली गई, मेटा से अलर्ट मिलने पर 11 मिनट में घर जा पहुंची आगरा की जैतपुर पुलिस
आगरा। दिल टूटने के बाद मौत को गले लगाने जा रहे 17 वर्षीय छात्र की जिंदगी उस वक्त बच गई, जब पुलिस ने महज 11 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर आत्महत्या की कोशिश को नाकाम कर दिया। आगरा के थाना जैतपुर क्षेत्र में देर रात हुई यह घटना न सिर्फ पुलिस की सतर्कता का उदाहरण है, बल्कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सिस्टम की अहमियत को भी उजागर किया है।
दरअसल, छात्र ने अपनी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप के बाद मानसिक तनाव में आकर सोशल मीडिया पर एक सुसाइड नोट पोस्ट कर दिया। विगत तीन मई को रात 1 बजकर 49 मिनट पर लखनऊ स्थित डीजीपी कार्यालय के मीडिया सेल को ‘मेटा अलर्ट’ के जरिए एक किशोर की आत्महत्या करने की तैयारी जैसी खतरनाक पोस्ट की सूचना मिली। सोशल मीडिया सेल ने तत्काल छात्र की लोकेशन ट्रेस की और थाना जैतपुर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना जैतपुर प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम बिना समय गंवाए छात्र के घर पहुंची। महज 11 मिनट के भीतर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा खोला, तो अंदर का मंजर सन्न कर देने वाला था। छात्र के पास कीटनाशक की बोतल और रस्सी मौजूद थी, और वह आत्महत्या करने की तैयारी में था।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत छात्र को सुरक्षित बाहर निकाला और उसकी काउंसलिंग कर उसे सामान्य किया। इसके बाद परिजनों की मदद से छात्र को मानसिक रूप से संभाला गया। समय रहते की गई इस कार्रवाई ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया। किशोर के भाई रवि ने पुलिस की इस तत्परता के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि वे अब अपने भाई का ध्यान रखेंगे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर कुछ मिनट की भी देरी हो जाती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। यह घटना बताती है कि तकनीक और त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स कैसे किसी की जिंदगी बचा सकते हैं।