लखनऊ अग्निकांड के दिवंगत छात्रों को आगरा में श्रद्धांजलि, व्यापारिक संगठनों ने दो मिनट का मौन रख जताया शोक

आगरा। लखनऊ के कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में 15 छात्रों की दर्दनाक मौत से पूरे देश में शोक की लहर है। आगरा में भी विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने अलग-अलग स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन कर दिवंगत छात्रों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मोमबत्तियां जलाकर, दो मिनट का मौन रखकर तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन की मांग उठाई गई।

Jun 24, 2026 - 11:46
 0
लखनऊ अग्निकांड के दिवंगत छात्रों को आगरा में श्रद्धांजलि, व्यापारिक संगठनों ने दो मिनट का मौन रख जताया शोक
संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक पर लखनऊ अग्निकांड में दिवंगत छात्रों की स्मृति में मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित करते आगरा व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं सदस्य।

आगरा व्यापार मंडल ने शहीद स्मारक पर दी श्रद्धांजलि

आगरा व्यापार मंडल की ओर से संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया।

सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि लखनऊ की यह हृदयविदारक घटना पूरे समाज के लिए गहरा आघात है। युवा छात्रों का असमय निधन अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि ऐसे हादसे सुरक्षा मानकों के प्रति अधिक सतर्क रहने का संदेश देते हैं। महामंत्री अशोक मंगवानी और संगठन महामंत्री राकेश बंसल ने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपने युवा बच्चों को खोना सबसे बड़ी पीड़ा है। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर राजीव गुप्ता, राजेश अग्रवाल, योगेश रखवानी, अंशुल अग्रवाल, देवेंद्र अग्रवाल, दुष्यंत गर्ग, साहूकार सिंह चाहर, कन्हैयालाल राठौर, अमित अग्रवाल पारुल, डॉ. धीरज वर्मा, अशोक लालवानी, अनुराग अरोड़ा, बृजमोहन रेपुरिया, अनूप बंसल, सुनील गर्ग, राजेंद्र सचदेवा, सुनील बंसल, विक्की गुप्ता, विजय बंसल, महावीर मंगल, रितेश राठौर, सुमित अरोड़ा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

नेशनल चैम्बर भवन में भी आयोजित हुई शोकसभा

नेशनल चैम्बर भवन में लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड में दिवंगत छात्रों की स्मृति में आयोजित शोकसभा में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करते चैम्बर के पदाधिकारी।

नेशनल चैम्बर भवन में भी लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड में जान गंवाने वाले 15 छात्रों की स्मृति में शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि बिना निर्धारित सुरक्षा मानकों के संचालित हो रहे कोचिंग सेंटरों की व्यापक जांच कराई जानी चाहिए तथा सभी संस्थानों में आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित कराया जाना चाहिए।

शोकसभा में उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, अम्बा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, शलभ शर्मा, सदस्य चन्द्रवीर सिंह, अपूर्व मित्तल, संजय अरोरा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor