आगरा के जैतपुर क्षेत्र में ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी, युवक की मौत, पत्नी और दो मासूम बाल-बाल बचे
-नीरज परिहार- आगरा। आगरा जनपद के जैतपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में इटावा निवासी युवक की मौत हो गई। युवक अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ साली की गोद भराई समारोह में शामिल होने जा रहा था, तभी कमतरी रेलवे पुल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान समरजीत (32) पुत्र नेपाल सिंह, निवासी पहाड़पुर, थाना सिविल लाइन, जिला इटावा के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ मोटरसाइकिल से फतेहाबाद क्षेत्र के रिहावली गांव में अपनी साली के गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था।
बताया गया कि जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल कमतरी रेलवे पुल के समीप पहुंची, सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल समरजीत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में उसकी पत्नी और दोनों छोटे बच्चों को मामूली चोटें आईं और वे सुरक्षित बच गए।
सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और ट्रक चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।