पिनाहट में दो पक्षों के बीच चले लाठी-डंडे, पथराव और फायरिंग भी, दोनों ही पक्षों ने लगाए सोने की जंजीर-कुंडल और कैश लूटने के आरोप, कई घायल
-नीरज परिहार- आगरा। थाना पिनाहट क्षेत्र के गांव सवालदास का पुरा में कार का हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। दबंगई, लाठी-डंडों, पथराव और कथित फायरिंग से पूरा गांव दहल उठा। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, लूटपाट, फायरिंग और घर में आग लगाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि एक घर में आग लगने से हजारों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना पिनाहट पुलिस के साथ सर्किल का भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक छतों से पथराव करते दिखाई दे रहे हैं और पुलिसकर्मी आग बुझाते नजर आ रहे हैं।
कार के हॉर्न से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार गांव सवालदास का पुरा में कार का हॉर्न बजाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों और पत्थरों के साथ भिड़ गए। एक पक्ष ने फायरिंग होने का भी आरोप लगाया है।
मारपीट में एक पक्ष के अजब सिंह और उनकी मां अंगूरी देवी घायल हो गए। इसी पक्ष का आरोप है कि पड़ोस के घर में आग लगा दी गई, जिससे घर में रखा हजारों रुपये का सामान जल गया। हालांकि आग किसने लगाई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
चार राउंड फायरिंग का आरोप
एक पक्ष के कन्हैया पुत्र श्रीनिवास निवासी ग्राम छीतापुरा, थाना राजाखेड़ा, धौलपुर ने थाना पिनाहट में तहरीर देकर बताया कि वह अपनी चाची को लेने सवालदास का पुरा गांव आया था। वह सड़क किनारे कार खड़ी कर चाची का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान करतार, सुरेश, रामहेत, साहब सिंह और रिंकू ने कार का दरवाजा खोलकर डैशबोर्ड में रखे एक लाख रुपये निकाल लिये। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और गले से सोने की जंजीर तोड़ ली गई।
कन्हैया के अनुसार जब उसकी चाची बचाने आईं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि दबंगों ने कार में तोड़फोड़ कर दी और चार राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी।
दूसरे पक्ष ने भी लगाए गंभीर आरोप
दूसरे पक्ष की ओर से मछला देवी पत्नी सुरेश ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि गांव के संजय, इंद्रजीत, मुरारी, उपेंद्र समेत कई लोग उनके घर पर आकर गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद कन्हैया लाल को बुला लिया गया, जिसके साथ 10-12 लोग और थे।
मछला देवी का आरोप है कि इन लोगों ने फायरिंग की और धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह और उनकी सास रामवती घायल हो गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावर उनके घर से पांच लाख रुपये लूट ले गए तथा गले से मंगलसूत्र और कानों के कुंडल भी छीन लिए। इतना ही नहीं, घर में आग लगाने का भी आरोप लगाया गया है।
पिनाहट के एसीपी अनिल कुमार ने बताया कि थाना पिनाहट पुलिस को ग्राम सावलदास का पुरा में दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की गई, जिसमें ज्ञात हुआ कि स्कॉर्पियो गाड़ी को तेज गति से चलाने एवं लगातार हॉर्न बजाने को लेकर 02 पक्षों में झगड़ा/मारपीट की घटना हुई है। दोनों पक्षों के घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस द्वारा दोनों पक्षों से प्राप्त तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है एवं 02 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर अग्रिम जांच व आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। वर्तमान में मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।