फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में दो घटनाएं: मामूली विवाद में दो पक्ष भिड़े, हाईवे हादसे में युवक घायल

फतेहपुर सीकरी। क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों का ध्यान खींचा। एक ओर गांव कच्छपुरा में पाइपलाइन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद मारपीट तक पहुंच गया, वहीं जयपुर नेशनल हाईवे पर बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मामलों में पुलिस ने जानकारी लेकर जांच और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Mar 7, 2026 - 14:23
 0
फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में दो घटनाएं: मामूली विवाद में दो पक्ष भिड़े, हाईवे हादसे में युवक घायल
फतेहपुर सीकरी के कच्छपुरा में हुए संघर्ष में घायल महिला।

पाइपलाइन से टकराने पर विवाद, दो पक्षों में मारपीट

ब्लॉक क्षेत्र के गांव कच्छपुरा में दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव कच्छपुरा निवासी एक युवती खेत से चारा लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान वह रास्ते में पानी की पाइपलाइन से टकराकर गिर गई। बताया जाता है कि गुस्से में युवती ने पाइपलाइन को तोड़ दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

मामले में पहले पक्ष की ओर से रूबी पुत्री देवेंद्र सिंह तथा दूसरे पक्ष की ओर से हेमलता पत्नी रामेंद्र, दोनों निवासी गांव कच्छपुरा, ने थाना फतेहपुर सीकरी में तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेज दिया है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।

जयपुर नेशनल हाईवे पर बाइक अनियंत्रित होकर गिरी, घायल युवक रेफर

हादसे में घायल युवक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में।

जयपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार बीती रात एक बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर सीकरी पहुंचाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान वीरेंद्र सिंह पुत्र रोशन सिंह निवासी गांव गिलोय, ब्लॉक फतेहपुर सीकरी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह बाइक से जा रहा था, तभी अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया।

घटनास्थल पर मौजूद एम्बुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। पुलिस द्वारा मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor