मृत्यु के बाद भी निभाया मानवता का धर्म: शिवदत्त गुप्ता के नेत्रदान से दो लोगों की दुनिया होगी रोशन

आगरा/फिरोजाबाद। फिरोजाबाद निवासी 77 वर्षीय शिवदत्त गुप्ता (नसीरपुर वाले) के निधन के बाद उनके परिजनों ने नेत्रदान कर मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। श्री बजाजा कमेटी के सहयोग से एस.एन. मेडिकल कॉलेज की टीम ने नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराई। उनके दान किए गए दोनों कॉर्निया से दो दृष्टिबाधित लोगों के जीवन में नई रोशनी आएगी।

Jul 22, 2026 - 18:41
 0
मृत्यु के बाद भी निभाया मानवता का धर्म: शिवदत्त गुप्ता के नेत्रदान से दो लोगों की दुनिया होगी रोशन
स्व. शिवदत्त गुप्ता।

फिरोजाबाद निवासी शिवदत्त गुप्ता (77) नसीरपुर वाले का बुधवार दोपहर निधन हो गया। शोक की इस घड़ी में उनके पुत्र संजय गुप्ता एवं राजीव गुप्ता ने समाज के लिए प्रेरणादायी निर्णय लेते हुए अपने पिता के नेत्रदान का संकल्प लिया। इसके लिए उन्होंने श्री बजाजा कमेटी के संजीव गुप्ता से संपर्क कर नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराने का अनुरोध किया।

सूचना मिलते ही श्री बजाजा कमेटी की वाहन सेवा एस.एन. मेडिकल कॉलेज की चिकित्सकीय टीम के साथ फिरोजाबाद पहुंची। एस.एन. आई बैंक की प्रभारी डॉ. शेफाली मजूमदार के निर्देशन में ग्रीफ काउंसलर दीपक शर्मा एवं चिकित्सकीय टीम ने पूरी सावधानी और निर्धारित चिकित्सीय मानकों के अनुसार कॉर्निया संग्रह (नेत्रदान) की प्रक्रिया संपन्न कराई।

श्री बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, महासचिव राजीव अग्रवाल, प्रभारी विष्णु जैन तथा मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में नेत्रदान अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि मृत्यु के बाद भी नेत्रदान के माध्यम से किसी की अंधेरी जिंदगी में उजाला किया जा सकता है। इच्छुक व्यक्ति नेत्रदान संबंधी जानकारी एवं पंजीकरण के लिए 9319809451 पर संपर्क कर सकते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor