वैदिक मंत्रों से गूंजा वजीरपुरा मंदिर: मां पीतांबरा महायज्ञ में 11 हजार मंत्रों से दी गईं आहुतियां
आगरा। शहर के वजीरपुरा स्थित सीताराम मंदिर में मां पीतांबरा देवी प्राकट्य दिवस एवं पंचम वार्षिक उत्सव के अवसर पर आयोजित नवकुंडीय महायज्ञ ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। वैदिक मंत्रों, ऋचाओं और स्वाहा की गूंज के बीच दी गई 11 हजार आहुतियों ने ऐसा दिव्य माहौल रचा कि मंदिर परिसर भक्तिभाव और श्रद्धा से आलोकित हो उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने इस भव्य आयोजन में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
पंचामृत अभिषेक से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत महंत अनंत उपाध्याय द्वारा मां पीतांबरा का पंचामृत अभिषेक, विधिवत पूजन और आकर्षक श्रृंगार से हुई। इसके बाद यज्ञ मंडप में नवकुंडीय हवन प्रारंभ हुआ, जिसमें महंत अनंत उपाध्याय और पंडित मुकेश शर्मा के निर्देशन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आहुति अर्पित की।
11 हजार मंत्रों से आहुतियां, सुगंधित हुआ वातावरण
हवन के दौरान सरसों का तेल, घी, हवन सामग्री और सुगंधित जड़ी-बूटियों की आहुति से वातावरण पूरी तरह पवित्र और ऊर्जावान हो गया। हर स्वाहा के साथ गूंजते मंत्रों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से भर दिया। महंत अनंत उपाध्याय ने कहा कि यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि वातावरण की शुद्धि, सकारात्मक ऊर्जा के संचार और मानसिक शांति का सशक्त माध्यम है।
तीन पहर की आरती बनी मुख्य आकर्षण
महायज्ञ की पूर्णाहुति के बाद भव्य आरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्याम मुरारी शर्मा, पुरुषोत्तम अग्रवाल, दीनदयाल अग्रवाल, महंत अनंत उपाध्याय, महेश शर्मा और मनीष अग्रवाल ने सामूहिक रूप से भाग लिया। बैंड-बाजों की मधुर धुन और जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।
सुबह, दोपहर और रात्रि में आयोजित तीन पहर की आरती ने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया।
कन्या पूजन और भंडारे में उमड़ी भीड़
सायंकाल कन्या पूजन के साथ बालिकाओं का सम्मान किया गया और उन्हें प्रसाद व उपहार वितरित किए गए। इसके बाद आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन की व्यवस्था पंकज शास्त्री, अरुण उपाध्याय, आयुष उपाध्याय और हनी ने संभाली। इस अवसर पर डॉ. हरेंद्र गुप्ता, विजय, अमित पारीक, राजेंद्र गुप्ता, दीपक गुप्ता, शिप्रा गुप्ता, प्रशांत रस्तोगी, अशोक गोयल, दीपक अग्रवाल, डॉ. संजीव नेहरू, संजय चौहान, लक्ष्मण शर्मा, सूरज तिवारी, मनोज तिवारी, विक्रम सिंह, राजकुमार, कृष्णा मिठास, विनोद अग्रवाल, अरुण, सुरेंद्र शर्मा, आरपी तिवारी, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।