तमिलनाडु में विजय की टीवीके सबसे बड़ी पार्टी, एग्जिट पोल में 'थलापति' के आगे सब फेल

 एक्टर विजय के नेतृत्व वाली टीवीके तमिलनाडु में सबसे बड़ी पार्टी बन सकती है। सर्वे की मानें तो उनकी पार्टी 98 से 120 सीटें जीत सकती है, जो बहुत के आंकड़ों से ज्यादा है।

Apr 29, 2026 - 21:37
 0
तमिलनाडु में विजय की टीवीके सबसे बड़ी पार्टी, एग्जिट पोल में 'थलापति' के आगे सब फेल

चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर एक्सिस माई इंडिया की ओर से किए गए एग्जिट पोल ने पूरे देश को चौंका दिया है। सर्वे की मानें तो इस बार तमिलनाडु में मुकाबला सिर्फ द्रमुक और अद्रमुक तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एक तीसरी ताकत एक्टर विजय की टीवीके पार्टी की एंट्री ने चुनाव को त्रिकोणीय बना दिया है। आंकड़े बताते हैं कि सत्ता की लड़ाई अब सीधे तौर पर द्रमुक और टीवीके के बीच सिमटती नजर आ रही है।

एग्जिट पोल के अनुसार,  द्रमुक गठबंधन को 92 से 110 सीटें मिलने का अनुमान है। इस गठबंधन में द्रमुक के साथ कांग्रेस, डीएमडीके, वीसीके, माकपा, भाकपा और मुस्लिम लीग जैसी पार्टियां हैं.। यह आंकड़ा बताता है कि सत्तारूढ़ खेमे की स्थिति मजबूत तो है, लेकिन बहुमत के लिए जरूरी 118 सीटों तक पहुंचने में उसे संघर्ष करना पड़ सकता है।

दूसरी ओर, टीवीके जिसे अभिनेता विजय के नेतृत्व वाली नई राजनीतिक ताकत के रूप में देखा जा रहा है उसे 98 से 120 सीटें मिलने का अनुमान है। यह आंकड़ा चौंकाने वाला है, क्योंकि यह पार्टी पहली बार चुनावी मैदान में उतरी है और सीधे सत्ता के करीब पहुंचती दिख रही है। अगर यह अनुमान सही साबित होता है, तो तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव संभव है।

इस चुनाव में अद्रमुक गठबंधन पिछड़ता नजर जा रहा है, जिसमें अद्रमुक के साथ बीजेपी, पीएमके और एएमएमके शामिल हैं। उसे 22 से 32 सीटें मिलने का अनुमान है, जो बताता है कि पारंपरिक विपक्ष इस बार प्रभावी चुनौती देने में सफल नहीं हो पाया।

एग्जिट पोल का एक अहम पहलू ये भी है कि मतदाता अगले मुख्यमंत्री के रूप में किसे देखना चाहते हैं। इस सवाल के जवाब में अभिनेता विजय को 37% समर्थन मिला है, जो उन्हें सबसे आगे रखता है। मौजूदा मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को 35% लोगों की पसंद मिली है, जो बताता है कि उनके नेतृत्व को अभी भी मजबूत समर्थन हासिल है। अद्रमुक के पलानीसामी को 22% समर्थन मिला है।