खेत की मेड़ पर खूनी बवाल, तमंचा लहराकर की फायरिंग, वीडियो वायरल
आगरा के बरहन थाना क्षेत्र स्थित खांडा गांव में खेत की मेड़ काटने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। लाठी-डंडों के बीच एक युवक ने तमंचा निकालकर हवाई फायरिंग कर दी। घटना का 17 सेकेंड का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। झगड़े में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
आगरा। आगरा के खांडा गांव में खेत की मेड़ को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। बुधवार दोपहर दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के दौरान लाठी-डंडे चले और फिर तमंचे से फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राम लखन और सत्यवीर पक्ष के बीच खेत की मेड़ काटने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और पहले तीखी बहस हुई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इसी दौरान एक युवक ने तमंचा निकाल लिया और उसे लहराते हुए फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
झगड़े में घायल हुआ युवक
मारपीट के दौरान राम लखन पक्ष के मुन्नेश का भाई घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल एत्मादपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां उसका उपचार जारी है। दूसरी ओर, प्रतिवादी पक्ष के राम नारायण के सिर में भी चोट आने की जानकारी सामने आई है।
17 सेकेंड का वीडियो बना जांच का आधार
घटना का एक 17 सेकेंड का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में एक युवक हाथ में तमंचा लहराता दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग लाठी-डंडे लिए हुए गाली-गलौज और हंगामा करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसे जांच का महत्वपूर्ण साक्ष्य माना है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पीड़ित राम लखन की तहरीर पर थाना बरहन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सत्यवीर, बनवारी पुत्र मुरारी, रवि, धर्मेंद्र, सर्वेंद्र पुत्र बनवारी और मुन्ना पुत्र सत्यवीर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों पक्षों का चिकित्सीय परीक्षण कराते हुए मजरूम चिट्ठी भी जारी की है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस बोली-जल्द होगी गिरफ्तारी
थाना बरहन प्रभारी निरीक्षक गुरबीर सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के दौरान हवाई फायरिंग की पुष्टि हुई है। वीडियो में तमंचा लहराते दिखाई दे रहे युवक की पहचान की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।