भरतपुर में शादी समारोह बना खूनी मंजर, आगरा के युवक ने पत्नी को गोली मारी और खुद की आत्महत्या
भरतपुर के सिंघावली गांव में शादी समारोह के दौरान आगरा निवासी युवक ने पत्नी को गोली मारने के बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पत्नी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। घटना की वजह पारिवारिक विवाद बताई जा रही है।
मायके जाने से नाराज पति ने ससुराल पहुंचकर बंद कमरे में की वारदात, 3 साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया
आगरा/भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर जिले में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब आगरा निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मारकर जान दे दी। घटना शुक्रवार दोपहर रूपवास थाना क्षेत्र के सिंघावली गांव की है।
जानकारी के अनुसार, आगरा के बरुअर (खेरागढ़) निवासी राघवेंद्र की पत्नी राधिका अपने मायके सिंघावली गांव में अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने 30 अप्रैल को आई थी। बताया जा रहा है कि राघवेंद्र पत्नी के बिना अनुमति मायके जाने से नाराज था।
शुक्रवार को शादी समारोह के बीच राघवेंद्र अचानक बाइक से ससुराल पहुंचा। वह सीधे घर में घुसा और राधिका को बुलाकर एक कमरे में ले गया। अंदर से दरवाजा बंद कर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद राघवेंद्र ने देसी कट्टे से पहले राधिका की छाती में गोली मारी और फिर खुद के सीने पर फायर कर लिया।
गोली की आवाज से मचा हड़कंप
कमरे से गोली चलने की आवाज सुनते ही परिजन घबरा गए और दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे। अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। दोनों पति-पत्नी खून से लथपथ फर्श पर पड़े थे और पास ही हथियार पड़ा था। परिजन तुरंत दोनों को बाहर लेकर आए, लेकिन तब तक राघवेंद्र की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल राधिका को पहले रूपवास अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे आरबीएम हॉस्पिटल रेफर किया गया। हालत नाजुक होने पर उसे आगे जयपुर भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घर आते ही कमरे में ले जाकर मारी गोली
राधिका के परिजनों के अनुसार, वह शादी के कार्यक्रम में शामिल थी, तभी राघवेंद्र वहां पहुंचा और उसे बुलाकर कमरे में ले गया। कुछ ही देर बाद गोली चलने की आवाज आई।
परिजनों का कहना है कि राघवेंद्र पत्नी के मायके आने से नाराज था और इसी विवाद के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
तीन साल का है मासूम बेटा
बताया जा रहा है कि राघवेंद्र और राधिका की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। दोनों का एक तीन साल का बेटा भी है, जो अब इस दर्दनाक घटना के बाद पिता के साये से वंचित हो गया। राघवेंद्र पेशे से ट्रक ड्राइवर था, कुछ परिजनों के अनुसार खेतीबाड़ी भी करता था।
पारिवारिक विवाद की आशंका
थानाधिकारी विनोद मीणा ने बताया कि गोली लगने से राघवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राधिका गंभीर रूप से घायल है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।