महिला ने दबंगों की अश्लील हरकत का किया विरोध तो बरसीं लाठियां, घर में घुसकर पथराव और मारपीट
आगरा के शमशाबाद थाना क्षेत्र के धिमश्री गांव में सरकारी सबमर्सिबल पर पानी भरने गई महिला से कथित अश्लील हरकत का विरोध करना परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि दबंगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला किया और पथराव कर पूरे परिवार को घायल कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आगरा। आगरा के थाना शमशाबाद क्षेत्र के गांव धिमश्री में सरकारी सबमर्सिबल पर पानी भरने गई एक महिला से कथित अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि महिला सोनिया जब सरकारी सबमर्सिबल पर पानी भरने पहुंची, तभी गांव के कृष्णकांत और अजयकांत ने उसके साथ अश्लील हरकत की। महिला ने विरोध किया और वहां से अपने घर लौट आई।
आरोप है कि कुछ देर बाद विजयकांत, रमेश चंद, रजनी, इंद्रवती, कृष्णकांत और अजयकांत समेत कई लोग लाठी-डंडों से लैस होकर पीड़ित परिवार के घर पहुंच गए। आरोपियों ने घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए परिवार के लोगों पर हमला बोल दिया।
पीड़ितों के मुताबिक हमलावरों ने जमकर लाठी-डंडे चलाए और पथराव भी किया। इस हमले में सुरेश चंद, सुनील, विशाल, किट्टू और सोनिया गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के एक बुजुर्ग को भी बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पीड़ित सुनील ने 3 जुलाई की रात थाना शमशाबाद में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान मारपीट और पथराव का लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प दिखाई दे रही है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।