कागारौल में महिला पर जानलेवा हमला, पति गिरफ्तार, कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमले का आरोप

आगरा के कागारौल थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति और जेठ पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि दोनों आरोपी कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे लेकर घर पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। महिला ने कमरे में बंद होकर डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि फरार जेठ की तलाश जारी है।

Jun 18, 2026 - 23:34
 0
कागारौल में महिला पर जानलेवा हमला, पति गिरफ्तार, कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमले का आरोप
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी पति।

आगरा। आगरा के कागारौल थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक महिला ने अपने पति और जेठ पर धारदार हथियार तथा लाठी-डंडों से हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पीड़िता नीतू पत्नी योगेंद्र सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका पति लंबे समय से उसके साथ मारपीट करता था। वह अक्सर गाली-गलौज करता और घर से निकाल देने की धमकी भी देता था। कई बार विवाद होने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इस मामले में पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। 

सुबह-सुबह हथियार लेकर पहुंचे आरोपी

नीतू के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6:20 बजे वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान उसका पति योगेंद्र सिंह और जेठ लाठी-डंडों तथा कुल्हाड़ी के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया और गंभीर रूप से घायल करने का प्रयास किया। हमले से घबराई महिला ने किसी तरह खुद को बचाया और घर के एक कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद उसने तत्काल डायल-112 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

महिला की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देख आरोपी पक्ष में हड़कंप मच गया। पीड़िता का आरोप है कि उसका जेठ मौके से फरार हो गया, जबकि पति ने पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता की। पुलिस ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और पूरे मामले की जानकारी ली। पीड़िता ने दोनों आरोपियों से अपनी जान-माल को खतरा बताया और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पति गिरफ्तार, जेठ की तलाश जारी

थाना प्रभारी अंकुर राठी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच के बाद आरोपी पति योगेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि फरार चल रहे जेठ की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।