पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर महिला की पिटाई, जमीन पर गिराकर बरसाए थप्पड़-लात

आगरा के एत्मादद्दौला क्षेत्र में रामबाग पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर दूर महिला से सरेराह मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में युवक महिला को जमीन पर गिराकर पीटता और जान से मारने की धमकी देता नजर आ रहा है। कुछ लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, जबकि कई लोग घटना का वीडियो बनाते रहे। स्थानीय लोगों ने चौकी के आसपास पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि पुलिस पीड़िता की पहचान कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करेगी।

Sep 7, 2026 - 20:06
 0
पुलिस चौकी से 100 मीटर दूर महिला की पिटाई, जमीन पर गिराकर बरसाए थप्पड़-लात
लोग तमाशबीन बने रहे और युवक महिला को पीटता रहा।

आगरा। एत्मादद्दौला थाना क्षेत्र में पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर एक महिला के साथ सरेराह मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की गश्त और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब एक मिनट नौ सेकंड के वायरल वीडियो में एक युवक महिला को सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटता नजर आ रहा है। इस दौरान युवक महिला को जान से मारने की धमकी भी देता दिखाई दे रहा है।

घटना रामबाग पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर दूर सर्विस रोड की बताई जा रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस समय महिला के साथ मारपीट हो रही थी, उस दौरान सड़क पर लोगों की आवाजाही बनी हुई थी। कुछ लोग घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड करते रहे, जबकि कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मारपीट रोकने की कोशिश भी की। इसके बावजूद युवक लगातार महिला के साथ मारपीट करता रहा और धमकी देता रहा।

जमीन पर गिराया, फिर करता रहा पिटाई

वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि युवक महिला के साथ पहले विवाद करता है और देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो जाती है। युवक महिला को जमीन पर गिरा देता है और उसके साथ मारपीट करता है। महिला खुद को बचाने का प्रयास करती दिखाई देती है। इसी दौरान वह युवक के साथ मौजूद एक बुजुर्ग महिला के बाल भी पकड़ लेती है। घटना के दौरान युवक का आक्रामक रवैया लगातार बना रहता है। वीडियो में वह महिला को जान से मारने की धमकी देता भी सुनाई दे रहा है। आसपास मौजूद लोग मामले को शांत कराने का प्रयास करते हैं, लेकिन स्थिति कुछ देर तक बिगड़ी रहती है।

चौकी के इतने करीब घटना, फिर भी पुलिस क्यों नहीं पहुंची?

सोमवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस स्थान पर महिला के साथ मारपीट हुई, वह रामबाग पुलिस चौकी से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर है। ऐसे में सवाल यह है कि चौकी के आसपास पुलिस की नियमित गश्त कितनी प्रभावी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग और चौकी के आसपास पुलिस की लगातार मौजूदगी रहे तो इस तरह खुलेआम मारपीट और दबंगई की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है। उनका आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी कम होने के कारण दबंगों के हौसले बढ़ रहे हैं।

कुछ दिन पहले भी चौकी के पास हुई थी मारपीट

स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले भी रामबाग चौकी से करीब 50 मीटर दूर एक युवक के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। अब दोबारा चौकी के बेहद करीब महिला से मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की सक्रियता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस चौकी के आसपास ही अपराधी बेखौफ होकर मारपीट कर सकते हैं तो क्षेत्र की अन्य गलियों और संवेदनशील इलाकों में कानून-व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने शुरू की जांच

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए घटना से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि मामले में पीड़िता की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीड़िता की पहचान होने के बाद उसकी शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो ने पुलिस के सामने दोहरी चुनौती खड़ी कर दी है। एक तरफ आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करना है, वहीं दूसरी ओर चौकी के बेहद करीब हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब भी देना होगा।