टीईटी परीक्षा के बाद घर लौटते समय हादसा, महिला की मौत, मासूम बेटियों के सिर से उठा मां का साया

आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर एत्मादपुर क्षेत्र में टीईटी परीक्षा देकर घर लौट रहे बाइक सवार दंपति को तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 38 वर्षीय प्रिया चतुर्वेदी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति मोहित चतुर्वेदी, जो जम्मू में जीआरपी कांस्टेबल हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।

Jul 2, 2026 - 18:00
 0
टीईटी परीक्षा के बाद घर लौटते समय हादसा, महिला की मौत, मासूम बेटियों के सिर से उठा मां का साया
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस छानबीन करती हुई।

आगरा। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में टीईटी परीक्षा देकर घर लौट रही महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एत्मादपुर थाना क्षेत्र में सचिन ड्रीम्स कॉलोनी के सामने बुढ़िया के ताल के पास हुआ, जहां पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

टीईटी परीक्षा देकर लौट रहे थे दंपति

फिरोजाबाद जिले के थाना कोटला क्षेत्र के गांव लतीपुर निवासी 38 वर्षीय प्रिया चतुर्वेदी अपने पति 40 वर्षीय मोहित चतुर्वेदी के साथ आगरा के देव कॉलेज में आयोजित टीईटी परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रही थीं। दोपहर करीब दो बजे जब उनकी बाइक एत्मादपुर क्षेत्र में आगरा-कानपुर हाईवे पर सचिन ड्रीम्स कॉलोनी के सामने पहुंची, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।

मौके पर हुई महिला की मौत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रिया चतुर्वेदी सड़क पर गिर गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे उनके पति मोहित चतुर्वेदी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पति अस्पताल में भर्ती, हालत खतरे से बाहर

सूचना मिलते ही एत्मादपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मोहित चतुर्वेदी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एत्मादपुर में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार उनके सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जम्मू में जीआरपी कांस्टेबल हैं मोहित

जानकारी के अनुसार मोहित चतुर्वेदी जम्मू में जीआरपी में कांस्टेबल पद पर तैनात हैं। वह छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे और पत्नी को टीईटी परीक्षा दिलाने के लिए आगरा लेकर आए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।

शिक्षक बनने का सपना अधूरा रह गया

परिजनों ने बताया कि प्रिया चतुर्वेदी गृहिणी थीं और शिक्षक बनने का सपना लेकर टीईटी की तैयारी कर रही थीं। घर की जिम्मेदारियां निभाने के साथ-साथ वह ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई करती थीं। परीक्षा देकर लौटते समय हुए इस हादसे ने उनके सपनों के साथ पूरे परिवार की खुशियां भी छीन लीं।

दो मासूमों के सिर से उठा मां का साया

प्रिया चतुर्वेदी अपने पीछे तीन वर्ष और एक वर्ष की दो मासूम बेटियों को छोड़ गई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है।

सीसीटीवी फुटेज से ट्रक की तलाश

एत्मादपुर थाना पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार ट्रक व उसके चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।