परशुराम चौक विवाद के बाद महिला की मौत, पुलिस दबाव के आरोप, पोस्टमार्टम में हार्ट अटैक की पुष्टि
आगरा में परशुराम चौक विवाद के बाद आरोपी युवक की तलाश में पुलिस दबिश के बीच उसकी मां की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस दबाव को जिम्मेदार ठहराया, जबकि पोस्टमार्टम में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपों को निराधार बताया है।
आगरा। आगरा में परशुराम चौक विवाद के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में हलचल मचा दी है। घटना उस समय से जुड़ी बताई जा रही है जब नीला झंडा लगाने के आरोपी युवक एनी की तलाश में पुलिस लगातार उसके घर पर दबिश दे रही थी।
परिजनों के अनुसार, पुलिस की लगातार कार्रवाई और दबाव के कारण एनी की मां गहरे मानसिक तनाव में आ गई थीं। परिवार का आरोप है कि दहशत के चलते उन्होंने खाना-पीना तक छोड़ दिया, जिससे उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें पास के एक नर्सिंग होम ले गए, जहां उन्हें हार्ट अटैक आया। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। हालांकि, परिजन लगातार पुलिस पर मानसिक दबाव बनाने का आरोप लगा रहे हैं और इसे मौत की वजह मान रहे हैं।
वहीं, पुलिस प्रशासन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास का कहना है कि पुलिस द्वारा किसी भी प्रकार का अनावश्यक दबाव नहीं बनाया गया। उन्होंने कहा कि कानून के तहत ही कार्रवाई की जा रही थी और आरोप पूरी तरह निराधार हैं।
इसी बीच, आरोपी एनी के पिता का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे खुद को मेहनत-मजदूरी करने वाला बताते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।