महिला अधिवक्ता के घर में घुसकर हमला, लाठी-डंडों से परिवार पर कहर, वीडियो वायरल
आगरा के शमशाबाद क्षेत्र की क्षत्रिय कॉलोनी में महिला अधिवक्ता और उसके परिवार पर दबंगों द्वारा लाठी-डंडों से हमला किए जाने का आरोप लगा है। घटना में अधिवक्ता की बहन और पिता भी घायल हुए हैं। मामला तब सुर्खियों में आया जब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस ने मेडिकल कराकर जांच शुरू कर दी है, जबकि पीड़िता ने आरोपियों के सत्ता पक्ष से जुड़े होने का दावा किया है।
आगरा। थाना शमशाबाद क्षेत्र की क्षत्रिय कॉलोनी में दबंगों की कथित गुंडई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला अधिवक्ता और उसके परिवार पर लाठी-डंडों से हमला किए जाने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
पीड़ित महिला अधिवक्ता का आरोप है कि दबंगों ने घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की। इस दौरान उनकी बहन को भी नहीं बख्शा गया और उसके साथ भी अभद्रता व मारपीट की गई, जिससे उसके कपड़े तक फट गए। हमले में अधिवक्ता के पिता के सिर पर गंभीर चोट आई है।
महिला अधिवक्ता ने घटना का वीडियो जारी कर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। वीडियो में कथित तौर पर कुछ लोग लाठी-डंडों के साथ हमला करते दिखाई दे रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि हमलावर पक्ष खुद को सत्ता पक्ष से जुड़ा हुआ बताता है, जिससे उन्हें कार्रवाई में देरी और दबाव की आशंका है। उन्होंने शिशुपाल सिंह, खुद को विधायक प्रतिनिधि बताने वाले राजेंद्र सिंह, मंजु भदौरिया, रानी, हेमलता, आकाश और पूजा समेत कई लोगों पर मारपीट और अभद्रता के गंभीर आरोप लगाए हैं।
वहीं, पुलिस का कहना है कि घायलों का मेडिकल परीक्षण करा दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। थाना शमशाबाद पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठ रही है।