आगरा में महिला उद्यमियों को बैंकिंग, निवेश और वित्तीय प्रबंधन की दी गई विस्तृत जानकारी

महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगरा की शी विल इंस्पायर संस्था ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘बैंकिंग ऑन हर’ विषय पर वित्तीय जागरूकता सत्र आयोजित किया। होटल हॉलीडे इन में हुए कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक की जोनल हेड अंजू मित्तल ने महिला उद्यमियों को बैंकिंग, निवेश, व्यवसायिक ऋण, बचत, डिजिटल बैंकिंग और सरकारी योजनाओं की व्यावहारिक जानकारी देते हुए वित्तीय रूप से जागरूक बनने का संदेश दिया।

Jul 11, 2026 - 21:24
 0
आगरा में महिला उद्यमियों को बैंकिंग, निवेश और वित्तीय प्रबंधन की दी गई विस्तृत जानकारी
होटल हॉलीडे इन में शी विल इंस्पायर संस्था द्वारा आयोजित वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम में महिला उद्यमियों को संबोधित करतीं पंजाब नेशनल बैंक की जोनल हेड अंजू मित्तल। साथ हैं पूजा लूथरा, राशि गर्ग, मीनू गुप्ता।

आगरा। शी विल इंस्पायर संस्था की ओर से होटल हॉलीडे इन में आयोजित ‘बैंकिंग ऑन हर’ विषयक वित्तीय जागरूकता सत्र में महिला उद्यमियों को वित्तीय प्रबंधन, बैंकिंग सेवाओं और निवेश संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें व्यवसाय संचालन के लिए आवश्यक बैंकिंग ज्ञान उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता पंजाब नेशनल बैंक की जोनल हेड अंजू मित्तल ने कहा कि प्रत्येक महिला का वित्तीय रूप से जागरूक होना समय की आवश्यकता है। उन्होंने महिलाओं को नियमित बचत, सही निवेश, परिवार एवं व्यवसाय की वित्तीय जानकारी स्वयं रखने और पूंजी को एक ही स्थान पर निवेश न कर फिक्स्ड डिपॉजिट, शेयर बाजार, सोना और प्रॉपर्टी जैसे विभिन्न विकल्पों में विभाजित करने की सलाह दी।

उन्होंने बैंक खातों, एटीएम कार्ड से जुड़ी बीमा सुविधाओं, संयुक्त बैंक खाते, नॉमिनी के महत्व और वित्तीय सुरक्षा पर भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं वित्तीय मामलों में अपेक्षाकृत अधिक जागरूक हैं और शहरी महिलाओं को भी इस दिशा में आगे आने की जरूरत है।

पंजाब नेशनल बैंक की मैनेजर (मार्केटिंग) मीनू गुप्ता ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से व्यवसायिक ऋण, मुद्रा योजना, स्टैंड-अप इंडिया, डिजिटल बैंकिंग, क्रेडिट स्कोर और केंद्र सरकार की विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने समय पर ऋण चुकाने और व्यवसायिक एवं व्यक्तिगत खातों को अलग-अलग संचालित करने की सलाह भी दी।

शी विल इंस्पायर की संस्थापक राशि गर्ग ने कहा कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं को केवल प्रेरित करना नहीं, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए आवश्यक ज्ञान और अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं के आत्मविश्वास और उनके व्यवसाय दोनों को नई दिशा देते हैं।

कार्यक्रम का संचालन पूजा लूथरा, दिव्या गुप्ता, रोली रस्तोगी और दीपिका ने किया, जबकि अतिथियों का परिचय दीक्षा असवानी ने कराया।

वित्तीय जागरूकता सत्र में कृतिका खन्ना, डॉ. भास्कर ज्योति, हरमीत कौर, सीएस चांदनी जैन, एड. नम्रता मिश्रा, आस्था, डॉ. अरुजा लूथरा, पूजा असवानी, मीतू, राशि, शिवांगी जैन, श्रुति और तनु सहित अनेक महिला उद्यमियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए बैंकिंग एवं वित्तीय प्रबंधन से जुड़े प्रश्न पूछे।

SP_Singh AURGURU Editor