महिलाएं तय करेंगी 2027 का सियासी समीकरण, भाजपा महिला मोर्चा सरोज कुशवाहा का बड़ा दावा

भाजपा महिला मोर्चा की नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने पहली बार आगरा पहुंचकर पश्चिमपुरी में आयोजित ब्रज क्षेत्र महिला मोर्चा की परिचयात्मक बैठक को संबोधित किया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में महिला मोर्चा की अहम भूमिका पर जोर देते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही महिला कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।

Jul 13, 2026 - 21:12
 0
महिलाएं तय करेंगी 2027 का सियासी समीकरण, भाजपा महिला मोर्चा सरोज कुशवाहा का बड़ा दावा
भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाह के आगरा आगमन पर स्वागत करते जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया और महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता आदि।

ब्रज क्षेत्र महिला मोर्चा की परिचयात्मक बैठक में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का दिया संदेश, विपक्ष पर भी साधा निशाना

आगरा। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा का सोमवार को पहली बार आगरा आगमन हुआ। उनके स्वागत के लिए पश्चिमपुरी स्थित परिणय बैंक्वेट हॉल में भाजपा महिला मोर्चा ब्रज क्षेत्र की परिचयात्मक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्रज क्षेत्र और आगरा के विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

दोपहर करीब तीन बजे सरोज कुशवाहा के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर महिला कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद आयोजित बैठक में संगठन विस्तार, महिला सशक्तिकरण और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा महिला मोर्चा की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होने वाली है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक संरचना जिले, मंडल और बूथ स्तर तक मजबूत है और 11 सदस्यीय टीमें पार्टी की योजनाओं एवं अभियानों को जनता तक पहुंचाती हैं, उसी प्रकार महिला मोर्चा को भी बूथ स्तर तक अपनी कमेटियों का गठन कर संगठन को और मजबूत बनाना होगा।

उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर जनता के बीच पहुंचने और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। सरोज कुशवाहा ने कहा कि महिलाओं की क्षमता और नेतृत्व कौशल किसी से छिपा नहीं है। जरूरत इस बात की है कि महिला मोर्चा की प्रत्येक सदस्य पार्टी के अभियानों को अंतिम पायदान तक पहुंचाने और आमजन से लगातार संवाद स्थापित करने का कार्य करे।

अपने संबोधन में उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव लाया गया, लेकिन विपक्ष ने उसे पारित नहीं होने दिया। उन्होंने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से विपक्ष के मुद्दों और उसकी नीतियों को जनता के सामने रखने का आह्वान किया।

बैठक में भाजपा महिला मोर्चा ब्रज क्षेत्र की अध्यक्ष मधुलिका राघव, भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, निर्मला दीक्षित, हेमलता अग्रवाल, रंजना पवार, सुनीता सारस्वत, प्रवीणा राजावत, चंद्रेश गुप्ता, मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, डॉ. निधि शर्मा, उपमा गुप्ता, पंकजा शर्मा, अंजू गर्ग, अपूर्वा जादौन, ज्योति जादौन, निधि पाठक, साक्षी चौहान, हेमा चौहान, आशा अग्रवाल, बबीता पाठक, वंदना सिंह, कविता मोहन, कुमकुम उपाध्याय, सीमा सिंघल, रेखा नागपाल, पार्षद मीनाक्षी वर्मा, अनामिका मिश्रा और पूजा जैन सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।