आगरा में यमुना में मिला युवक का बंधा शव, हाथ और मुंह पर टेप मिलने से हत्या की आशंका

आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में यमुना नदी में एक अज्ञात युवक का शव मिला। युवक के हाथ और मुंह टेप से बंधे होने के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पहचान और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

May 17, 2026 - 16:32
 0
आगरा में यमुना में मिला युवक का बंधा शव, हाथ और मुंह पर टेप मिलने से हत्या की आशंका
इमेज फोटो

खंदौली थाना क्षेत्र में यमुना किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, पुलिस शिनाख्त और हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी

आगरा। आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब यमुना नदी में एक युवक का शव बहता हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने नदी में शव दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने शव को नदी से बाहर निकलवाया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक के दोनों हाथ टेप से बंधे हुए थे और मुंह पर भी टेप लगी हुई थी। शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। आशंका है कि युवक की कहीं और हत्या करने के बाद शव को पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से यमुना में फेंका गया।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि युवक की पहचान और आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

खंदौली थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।