आगरा में शादी के छह महीने के अंदर युवती की मौत! ससुराल में बंद कमरे में पंखे से लटका मिला शव, मायके पक्ष का आरोप- कार के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था

-नीरज परिहार- आगरा। थाना बासौनी क्षेत्र के गांव खरगपुरा में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। विवाहिता का शव कमरे में पंखे से लटका मिलने के बाद मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि अतिरिक्त दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

May 17, 2026 - 13:54
 0
आगरा में शादी के छह महीने के अंदर युवती की मौत! ससुराल में बंद कमरे में पंखे से लटका मिला शव, मायके पक्ष का आरोप- कार के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था
नव विवाहिता गुंजन, जो शादी के छह माह के भीतर दुनिया को छोड़ गई।

फरैरा निवासी चंद्रभान मिश्रा ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री गुंजन की शादी दिसंबर 2025 में थाना बासौनी क्षेत्र के गांव खरगपुरा निवासी दिलीप कुमार के साथ पूरे रीति-रिवाज से की थी। शादी में उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार लगभग दस लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, मोटरसाइकिल सहित घरेलू सामान दिया था।

पीड़ित पिता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति दिलीप कुमार, सास, ननद और अन्य ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में कार की मांग को लेकर गुंजन को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे। कई बार समझौते और बातचीत के बाद भी उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।

बताया गया कि शुक्रवार सुबह मायके पक्ष को सूचना मिली कि गुंजन की हालत गंभीर है। सूचना मिलते ही परिजन उसकी ससुराल पहुंचे, जहां कमरे का दरवाजा बंद मिला। दरवाजा खुलवाने पर गुंजन का शव पंखे के फंदे पर लटका मिला। बेटी की हालत देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना बासौनी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वहीं मायके पक्ष ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है। विवाहिता की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

SP_Singh AURGURU Editor