शादी से इनकार पर घर में घुसकर युवती का अपहरण, वीडियो से खुली दबंगई की पोल
आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र में शादी से इनकार करने पर युवक ने युवती का घर में घुसकर अपहरण कर लिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी और उसकी मां को हिरासत में लिया। युवती को 8 किलोमीटर दूर ले जाकर 3 घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया था।
आगरा। आगरा के एत्मादद्दौला क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी से इनकार करने पर एक युवक ने सारी हदें पार कर दीं। आरोपी युवती के घर में घुस आया और उसे जबरन घसीटते हुए उठा ले गया। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
घटना गौतम नगर की बताई जा रही है। पीड़िता की मां के अनुसार, परवेज नाम का युवक काफी समय से उनकी बड़ी बेटी को परेशान कर रहा था। वह रास्ते में छेड़छाड़ करता और शादी के लिए दबाव बनाता था। कई बार मना करने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
बताया गया कि 28 अप्रैल को आरोपी अपने माता-पिता के साथ पीड़िता के घर पहुंचा और जबरन शादी के लिए दबाव बनाने लगा। परिवार ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद रात करीब 9 बजे परवेज दोबारा घर पहुंचा और जबरदस्ती युवती को उठाकर ले जाने लगा।
इस दौरान छोटी बहन ने उसे रोकने की पूरी कोशिश की। उसने बहन का हाथ पकड़कर खींचा, लेकिन आरोपी ने दोनों को घसीटते हुए बाहर तक ले गया। मां और बहन चीखती-चिल्लाती रहीं, लेकिन किसी ने मदद के लिए आगे कदम नहीं बढ़ाया।
आरोपी युवती को करीब 8 किलोमीटर दूर कुबेरपुर तक ले गया। पीड़िता के मुताबिक, वहां उसे मारपीट करते हुए करीब 3 घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। बाद में आरोपी उसे छोड़कर फरार हो गया, जिसके बाद युवती किसी तरह घर पहुंची।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक और उसकी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। यह घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज में बढ़ती दबंगई और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता भी पैदा करती है।