दिनदहाड़े कॉलेज के बाहर से युवती का अपहरण, कार में बिठाकर ले गए बदमाश, इलाके में मचा हड़कंप

आगरा के थाना रकाबगंज क्षेत्र में बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय के पास सोमवार दोपहर एक युवती को सफेद कार सवार लोग कथित तौर पर जबरन उठाकर ले गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। युवती की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास जारी है।

May 18, 2026 - 18:42
 0
दिनदहाड़े कॉलेज के बाहर से युवती का अपहरण, कार में बिठाकर ले गए बदमाश, इलाके में मचा हड़कंप

आगरा। आगरा के थाना रकाबगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय के पास से एक युवती को कार सवार लोग जबरन उठाकर ले गए। घटना दिनदहाड़े हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सफेद रंग की कार में आए लोगों ने युवती को जबरन कार में बैठाया और तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए।

घटना कॉलेज के बाहर की होने के कारण वहां मौजूद छात्राओं और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद थाना रकाबगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई।

कार में पहले से मौजूद थी एक महिला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में कुछ पुरुषों के साथ एक महिला भी बैठी हुई थी। जैसे ही युवती कॉलेज के पास पहुंची, कार उसके करीब आकर रुकी और कार सवारों ने उसे जबरन अंदर खींच लिया। पूरी वारदात कुछ ही सेकेंड में अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवती काफी घबराई हुई दिखाई दे रही थी और उसने विरोध करने की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी उसे जबरदस्ती कार में डालकर ले गए।

पुलिस ने शुरू की सीसीटीवी और नंबर प्लेट से जांच

अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि कार की मूवमेंट और आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस को कार का नंबर भी मिला है, जिसके आधार पर वाहन स्वामी की जानकारी जुटाई जा रही है। शुरुआती जांच में युवती की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला अपहरण का है, पारिवारिक विवाद का या किसी अन्य वजह से युवती को ले जाया गया।

पुलिस अधिकारियों का बयान

थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। कार नंबर के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच जारी है और मामले की हर एंगल से पड़ताल की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।