ट्रांस यमुना क्षेत्र में शराब के नशे में बड़े भाई को मौत के घाट उतारने वाला छोटा भाई गिरफ्तार

आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र में शराब के नशे में हुए विवाद में छोटे भाई संतोष ने लोहे की पाइप से बड़े भाई की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने 60 फुटा रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पाइप भी बरामद कर ली गई है।

Feb 25, 2026 - 22:01
 0
ट्रांस यमुना क्षेत्र में  शराब के नशे में बड़े भाई को मौत के घाट उतारने वाला छोटा भाई गिरफ्तार
पुलिस की गिरफ्त में बड़े भाई का हत्यारा।

आगरा। शहर के ट्रांस यमुना कालोनी थाना क्षेत्र में पिछले दिनों भाई-भाई के रिश्ते को कलंकित कर देने वाली घटना सामने आई थी। शराब के नशे में हुए विवाद ने इतना खौफनाक रूप ले लिया था कि छोटे भाई ने लोहे की पाइप से बड़े भाई के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी थी।  पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त पाइप भी बरामद कर लिया है।

शराब के बाद कहासुनी, फिर जानलेवा हमला

पुलिस के अनुसार 23 फरवरी की रात आरोपी संतोष उर्फ सत्तो और उसका बड़ा भाई एक ही मकान में साथ रह रहे थे। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई थी।

गुस्से में संतोष घर के अंदर गया और लोहे की पाइप-रॉड उठाकर लाया। उसने अपने बड़े भाई के सिर पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। गंभीर चोट लगने से घायल भाई घर से बाहर पड़ोसी के दरवाजे के पास गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद फरार, पुलिस ने ऐसे दबोचा

हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम सक्रिय हुई। ट्रांस यमुना पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज कर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को हरदोनिया गेस्ट हाउस के पास 60 फुटा रोड से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस पूछताछ में संतोष ने बताया कि उसका बड़ा भाई आपराधिक प्रवृत्ति का था और थाने का हिस्ट्रीशीटर भी था। वह आए दिन घरवालों और बाहरी लोगों से झगड़ा करता था तथा उसे जान से मारने की धमकियां देता रहता था। इसी तनाव के बीच शराब के नशे में विवाद बढ़ गया और उसने आवेश में आकर हमला कर दिया।

हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई लोहे की पाइप-रॉड को कांशीराम आवास योजना परिसर के पास खाली पड़े क्षेत्र से बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।