आगरा के पिढौरा क्षेत्र में रात के समय छत पर सो रही किशोरी से छेड़छाड़ करता युवक मौके से पकड़ा गया, पुलिस ने भेजा जेल

आगरा। थाना पिढौरा क्षेत्र के गांव गजनपुरा में देर रात घर में घुसकर एक किशोरी से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। छत पर सो रही किशोरी के साथ आरोपी युवक ने अश्लील हरकतें शुरू कर दीं, लेकिन किशोरी के शोर मचाते ही परिजन जाग गए और आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। 

May 13, 2026 - 18:05
 0
आगरा के पिढौरा क्षेत्र में रात के समय छत पर सो रही किशोरी से छेड़छाड़ करता युवक मौके से पकड़ा गया, पुलिस ने भेजा जेल
पिढौरा पुलिस के कब्जे में मनचला युवक भूरेलाल।  

पुलिस के अनुसार घटना 11 मई 2026 की रात की है। गांव गजनपुरा निवासी एक किशोरी अपने घर की छत पर सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव का ही भूरेलाल पुत्र महावीर सिंह घर में घुस आया और नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ करने लगा।

अचानक हुई इस घटना से घबराई किशोरी ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलने पर थाना पिढौरा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी भूरेलाल को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने किशोरी और परिजनों से पूछताछ के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 29/26 के तहत धारा 74/331 बीएनएस एवं पॊक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की।

SP_Singh AURGURU Editor