बरेली में वायरल वीडियो के बाद 17 वर्षीय छात्रा ने दी जान: बरेली में सनसनी, पुलिस ने शुरू की जांच

-आरके सिंह- बरेली। थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि एक वीडियो वायरल होने के बाद गांव में बदनामी के डर से परेशान होकर किशोरी ने फंदे से लटककर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने वीडियो वायरल करने, धमकी और अन्य गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।

Jul 22, 2026 - 22:37
 0
बरेली में वायरल वीडियो के बाद 17 वर्षीय छात्रा ने दी जान: बरेली में सनसनी, पुलिस ने शुरू की जांच
inage- shutterstock

बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली कक्षा-9 की छात्रा का मंगलवार देर रात शव कमरे में फंदे से लटका मिला। बुधवार सुबह करीब छह बजे परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

क्षेत्राधिकारी देवेश सिंह ने बताया कि नाबालिग किशोरी द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

वायरल वीडियो से जुड़ा मामला

बताया जा रहा है कि छात्रा कुछ दिन पहले एक दोस्त के साथ कैफे गई थी। इसके बाद उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। परिजनों का कहना है कि वीडियो वायरल होने के बाद गांव में चर्चा और बदनामी के कारण किशोरी मानसिक रूप से परेशान थी।

वायरल वीडियो में बरेली के दिल्ली-लखनऊ हाईवे स्थित एक होटल-रिसॉर्ट का परिसर दिखाई दे रहा है। वीडियो की शुरुआत पार्किंग क्षेत्र से होती है, जहां एक लड़की मास्क लगाए हुए कुछ युवकों के साथ बाइक के पास खड़ी दिखाई देती है। इसी दौरान कुछ लोग वीडियो बनाते हुए उनसे पूछताछ करते नजर आते हैं।

वीडियो में लड़की अपना चेहरा छिपाने का प्रयास करती दिखाई देती है, जबकि साथ मौजूद युवक वहां से जाने की कोशिश करते नजर आते हैं। कुछ समय बाद होटल के सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी मौके पर पहुंचते हैं और स्थिति को संभालने का प्रयास करते हैं।

वीडियो में होटल पर बिना पहचान पत्र (आईडी) के कमरा देने जैसे आरोपों वाला टेक्स्ट भी दिखाई देता है। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

भाई ने लगाए गंभीर आरोप

छात्रा के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका आरोप है कि वीडियो वायरल होने के बाद उसकी बहन गांव में बदनामी से परेशान हो गई और इसी वजह से उसने आत्मघाती कदम उठाया।

भाई ने आरोप लगाया कि एक महिला डॉक्टर उसकी बहन को जानती थी और उसी के माध्यम से कुछ युवकों से उसकी पहचान हुई। उसने यह भी आरोप लगाया कि बहन के साथ होटल में गैंगरेप किया गया और वीडियो वायरल कर दिया गया।

परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला डॉक्टर, ब्लू डायमंड होटल के मालिक और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस जुटा रही साक्ष्य

पुलिस वायरल वीडियो, होटल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों, संबंधित लोगों के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

SP_Singh AURGURU Editor