ब्रज की विरासत बचाने को 200 स्वयंसेवक उतरे मैदान में, संकेतवन आश्रम में चला स्वच्छता अभियान
मथुरा। ब्रज की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से रविवार को संकेतवन स्थित हार्टफुलनेस आश्रम में ‘ब्रज वैभव अभियान’ के अंतर्गत स्वच्छता सेवा आयोजित की गई। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, नगर निगम और हार्टफुलनेस के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस आयोजन में करीब 200 अभ्यासी और स्वयंसेवकों ने भाग लिया। विभिन्न शहरों से पहुंचे प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से सेवा कार्य कर स्वच्छ ब्रज और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
स्वच्छता सेवा में मथुरा, आगरा, अलीगढ़, इगलास, सहार, भरतपुर, डीग, बहज, वृंदावन, जयपुर, दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, देहरादून, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु और प्रयागराज सहित विभिन्न शहरों एवं क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने सहभागिता की। अलग-अलग केंद्रों से पहुंचे स्वयंसेवकों की भागीदारी ने ब्रज की स्वच्छता और प्राकृतिक विरासत को बचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की अहमियत को सामने रखा।
स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बनाने पर जोर
‘ब्रज वैभव अभियान’ का उद्देश्य ब्रज की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण करने के साथ स्थानीय समुदाय में अपने परिवेश के प्रति जिम्मेदारी और स्वामित्व की भावना विकसित करना है। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छता को केवल प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा न मानकर सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
संकेतवन स्थित हार्टफुलनेस आश्रम में आयोजित सेवा गतिविधि इसी दिशा में एक पहल रही। विभिन्न क्षेत्रों से आए अभ्यासी और स्वयंसेवकों ने मिलकर स्वच्छता कार्य में योगदान दिया और ब्रज को स्वच्छ रखने के लिए जनभागीदारी का संदेश दिया।
ध्यान, योग और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश
हार्टफुलनेस एक वैश्विक संस्था है, जो ध्यान और योग के माध्यम से आंतरिक शांति, आत्म-विकास तथा सामाजिक उत्तरदायित्व को प्रोत्साहित करती है। संस्था के वैश्विक मार्गदर्शक परम पूज्य दाजी कमलेश डी. पटेल पद्म भूषण से सम्मानित हैं।
‘ब्रज वैभव अभियान’ के अंतर्गत आयोजित इस स्वच्छता सेवा ने प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए सामुदायिक सहभागिता की आवश्यकता को रेखांकित किया। आयोजन के माध्यम से लोगों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और ब्रज की विशिष्ट पहचान को सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।