लक्ष्य के प्रतिभा सम्मान समारोह में 223 प्रतिभाओं का सम्मान, 11 साल के कबीर राजपूत की क्रिकेट उपलब्धि बनी कार्यक्रम का आकर्षण

आगरा। लोधी क्षत्रिय एंप्लाइज एसोसिएशन लक्ष्य आगरा ने सूरसदन में आयोजित नवम प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा, खेल, प्रतियोगी परीक्षाओं और सेवाक्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया। समारोह में हाईस्कूल के 100, इंटरमीडिएट के 44, खेल जगत के 32 और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल 17 प्रतिभागियों सहित कुल 223 लोगों को सम्मानित किया गया। इनमें नवनियुक्त 18 अधिकारी-कर्मचारी, सेवानिवृत्त 11 अधिकारी-कर्मचारी और प्रोन्नति प्राप्त एक अधिकारी भी शामिल रहे। समारोह का विशेष आकर्षण आगरा के 11 वर्षीय क्रिकेटर कबीर राजपूत रहे, जिन्होंने नाबाद 512 रन बनाकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा, करियर निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हुए सफलता के लिए निरंतर परिश्रम करने का संदेश दिया।

Oct 25, 2026 - 21:10
 0
लक्ष्य के प्रतिभा सम्मान समारोह में 223 प्रतिभाओं का सम्मान, 11 साल के कबीर राजपूत की क्रिकेट उपलब्धि बनी कार्यक्रम का आकर्षण
लोधी क्षत्रिय एंप्लाइज एसोसिएशन लक्ष्य आगरा द्वारा रविवार को सूरसदन में आयोजित नवम प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित प्रतिभाओं के साथ अतिथिगण।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर (डॉ.) अजय कुमार ने सम्मानित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए सेना में अधिकारी बनने के लिए राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के माध्यम से तैयारी करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने सेना में डॉक्टर बनने के अवसरों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथि पूरन सिंह, मुख्य अभियंता, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, भारत सरकार ने आईआईटी में प्रवेश के लिए आवश्यक तैयारी और लक्ष्य निर्धारण पर प्रकाश डाला। भारत सरकार के सहायक आयुक्त विजय कुमार ने विद्यार्थियों को सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

स्वामी ब्रह्मानंद के जीवन से शिक्षा की प्रेरणा लेने का आह्वान

कुशीनगर से आए विशेष अतिथि गुलाब सिंह लोधी, अपर जिलाधिकारी एवं लक्ष्य के राष्ट्रीय अध्यक्ष, ने स्वामी ब्रह्मानंद के जीवन और शिक्षा के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वामी ब्रह्मानंद के विचारों से प्रेरणा लेकर समाज शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।

लक्ष्य के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार भारती ने छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। महोबा से आए बिहारी लाल महान ने भी स्वामी ब्रह्मानंद के जीवन से उपस्थित लोगों को परिचित कराया। ललितपुर से आए लक्ष्य के प्रांतीय अध्यक्ष प्रोफेसर अरिमर्दन सिंह ने विद्यार्थियों को सामाजिक कुरीतियों से दूर रहकर अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। लक्ष्य के संस्थापक संरक्षक रती राम वर्मा ने संगठन की स्थापना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

लक्ष्य संदेश पत्रिका के छठे अंक का विमोचन

समारोह में लक्ष्य संदेश पत्रिका के षष्ठम अंक का विमोचन भी किया गया। पत्रिका के प्रधान संपादक सतीश राजपूत ने इसकी विषयवस्तु की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें समाज के व्यवसायियों से संबंधित जानकारी के साथ सामाजिक कुरीतियों से बचने और उनके उन्मूलन के उपायों पर आधारित लेख प्रकाशित किए गए हैं।

सोशल मीडिया का इस्तेमाल सोच-समझकर करें युवा: किशोरी सिंह

लक्ष्य के अध्यक्ष इंजीनियर किशोरी सिंह ने समारोह में आए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, समाज के लोगों और छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने और करियर निर्माण को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया। सोशल मीडिया के उपयोग पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि छोटी-सी गलती भी जीवन पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है। इसलिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल बहुत सोच-समझकर करना चाहिए।

विद्यार्थियों को संदेश देते हुए उन्होंने कविता की पंक्तियां सुनाईं—

पढ़ाई तुम बनारस या इलाहाबाद से करना,
कभी बर्बाद मत खुद को किसी की याद में करना।
वह जो उम्मीद तुमसे बाप को है याद रखना तुम,
बना लो करियर पहले, मोहब्बत बाद में करना।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई समारोह की रौनक

कार्यक्रम में फतेहपुर सीकरी से आए बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गान और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों ने समारोह में सांस्कृतिक रंग भर दिया। आयोजन में पत्रकार महावीर सिंह वर्मा का सराहनीय योगदान रहा।

कार्यक्रम का संचालन लक्ष्य के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश राजपूत ने किया। उनके सहयोग में कोमल सिंह, महामंत्री बीपी सिंह, डॉ. एके सिंह सहित अन्य लोगों का योगदान रहा। अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का अभिवादन एवं धन्यवाद ज्ञापित करते हुए समारोह का समापन किया गया।

SP_Singh AURGURU Editor