हेल्प आगरा हॊस्पिटल में 55 लोगों ने किया रक्तदान, 11 रक्तदाताओं को चांदी के उपहार से किया सम्मानित
आगरा। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्री श्वेतांबर स्थानकवासी जैन ट्रस्ट और एसएस जैन युवा संगठन के सहयोग से रविवार को हेल्प आगरा हॉस्पिटल में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 55 लोगों ने रक्तदान किया, जबकि हीमोग्लोबिन की कमी के कारण तीन महिलाओं सहित नौ लोग रक्तदान नहीं कर सके। शिविर का आयोजन समर्पण ब्लड बैंक के सहयोग से किया गया।
शिविर में जैन संत अमृत मुनि ने स्वयं रक्तदान कर युवाओं को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। हेल्प आगरा संस्था के पीआरओ जगवीर सिंह की धर्मपत्नी डॉ. रूपेन्दर कौर ने भी रक्तदान कर अपना जन्मदिन मनाया। रक्तदान करने वालों में रौनक सकलेचा, विपुल सकलेचा, रोहन सकलेचा और हेल्प आगरा के जलज गोयल सहित स्टाफ के पवन के नाम शामिल हैं। शिविर में 11 भाग्यशाली रक्तदाताओं को चांदी के आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया।
हेल्प आगरा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने कहा कि जरूरतमंद मरीजों को तत्काल रक्त उपलब्ध कराने की भावना से समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर एसएस जैन संगठन के अध्यक्ष अमित जैन, आशीष जैन, संजय जैन, विमल जैन, हेल्प आगरा के महासचिव गौतम सेठ, नरेश जैन, अजय मित्तल, विशेष बंसल, राजीव गुप्ता और बिलयुस मिंज आदि मौजूद रहे।