स्वीटी ग्रुप के संस्थापक सुरेश चंद्र अग्रवाल की 75वीं जयंती पर संतों की प्रसादी, वृंदावन में ‘हमारे राम’ का मंचन
मथुरा-वृंदावन। स्वीटी बाय एम.आर. ग्रुप के संस्थापक स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल की 75वीं जन्म जयंती पर 20 अक्टूबर को ब्रज में संत सेवा, धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक आयोजन की त्रिवेणी देखने को मिलेगी। परिणय गार्डन में ब्रज क्षेत्र के 551 साधु-संतों के लिए प्रसादी आयोजित की जाएगी, जबकि वृंदावन के स्वामी हरिदास ऑडिटोरियम में फेलिसिटी थिएटर की चर्चित नाट्य प्रस्तुति ‘हमारे राम’ का मंचन होगा। इसी दिन गोवर्धन के श्री दानघाटी मंदिर, बरसाना के श्री राधारानी मंदिर और मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर ठाकुरजी की विशेष पोशाक और फूल बंगला दर्शन भी होंगे।
स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल ने सीमित संसाधनों से अपनी व्यावसायिक यात्रा शुरू की थी। मेहनत, ईमानदारी और विश्वास के बल पर उन्होंने ‘स्वीटी सुपारी’ को विशिष्ट पहचान दिलाई। व्यवसाय के साथ सामाजिक जिम्मेदारी, पारिवारिक संस्कार, धार्मिक आस्था और मानवीय मूल्यों के प्रति उनका समर्पण उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।
उनके आदर्शों और विरासत को उनके सुपुत्र एवं एम.आर. ग्रुप के चेयरमैन सुनील कुमार अग्रवाल तथा पौत्र एवं मैनेजिंग डायरेक्टर लव कुमार बंसल आगे बढ़ा रहे हैं।
551 साधु-संतों के लिए होगी प्रसादी
हीरक जयंती के अवसर पर 20 अक्टूबर को प्रातः परिणय गार्डन में ब्रज क्षेत्र के 551 साधु-संतों के लिए भव्य प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। इसमें ब्रज के विभिन्न क्षेत्रों से साधु-संतों और ब्रजवासियों की सहभागिता रहेगी। संत सेवा, अन्नदान और ब्रज समाज के प्रति सम्मान की भावना से आयोजित यह कार्यक्रम स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल के धार्मिक संस्कारों और संतों के प्रति आदर को समर्पित है।
इससे पहले 18 अक्टूबर को ग्रीन वैली में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया था।
तीन प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष पोशाक और फूल बंगला
20 अक्टूबर को स्वीटी बाय एम.आर. ग्रुप परिवार की ओर से गोवर्धन स्थित श्री दानघाटी मंदिर, बरसाना स्थित श्री राधारानी मंदिर और मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर ठाकुरजी की विशेष पोशाक एवं भव्य फूल बंगला दर्शन का आयोजन किया जाएगा। इन तीनों धार्मिक स्थलों से स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल का विशेष आत्मीय और आध्यात्मिक जुड़ाव रहा।
वृंदावन में ‘हमारे राम’ का भव्य मंचन
हीरक जयंती के मुख्य सांस्कृतिक आयोजन के अंतर्गत मंगलवार, 20 अक्टूबर को वृंदावन स्थित स्वामी हरिदास ऑडिटोरियम, गीता शोध संस्थान में फेलिसिटी थिएटर की बहुचर्चित नाट्य प्रस्तुति ‘हमारे राम’ का मंचन किया जाएगा।
यह प्रस्तुति भगवान श्रीराम के जीवन, मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और आदर्शों को भव्य मंच सज्जा, संगीत और प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत करती है। इसमें राहुल आर. भूचर प्रभु श्रीराम, आशुतोष राणा रावण, दानिश अख्तर भगवान हनुमान, तरुण खन्ना भगवान शिव और अमृता परिहार माता सीता की भूमिका निभाएंगे।
भगवान श्रीराम के जीवन मूल्यों और स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल के सिद्धांतनिष्ठ जीवन के बीच भावनात्मक एवं वैचारिक जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्तुति का आयोजन किया जा रहा है।
कन्हैयालाल अग्रवाल का मार्गदर्शन, तीन महीने से चल रही तैयारियां
हीरक जयंती के आयोजनों की तैयारियों में विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष एवं परिवार के वरिष्ठ सदस्य कन्हैयालाल अग्रवाल का विशेष सहयोग और मार्गदर्शन मिला है। एम.आर. ग्रुप परिवार ने उनके अनुभव, स्नेह और सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया है।