अभिषेक शर्मा ने दिल्ली के गेंदबाजों को दहलाया, आईपीएल में दूसरा शतक ठोका,  10 चौके, 10 छक्के और 135 रन बनाएो

 दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए अभिषेक शर्मा ने 47 गेंदों में शतक ठोका। अभिषेक का टूर्नामेंट में यह पहला शतक है, जबकि करियर में उनका यह दूसरा आईपीएल सैकड़ा है। अभिषेक ने पारी के 15वें ओवर में लगातार दो छक्के लगाकर शतक पूरा किया और अपने अनोखे अंदाज में इसका जश्न मनाया।

Apr 21, 2026 - 23:11
 0
अभिषेक शर्मा ने दिल्ली के गेंदबाजों को दहलाया, आईपीएल में दूसरा शतक ठोका,  10 चौके, 10 छक्के और 135 रन बनाएो

नई दिल्ली। टीम इंडिया और सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक ओपनर बल्लेबाज अभिषेक शर्मा आईपीएल 2026 में प्रचंड फॉर्म में आ चुके हैं। सीजन के 31वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अभिषेक ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए तूफानी शतक जड़ दिया। राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में वह सीजन की अपनी सबसे खतरनाक फॉर्म में नजर आए। अभिषेक ने अपने आईपीएल करियर का दूसरा सैकड़ा सिर्फ 47 गेंदों में पूरा किया। सेंचुरी तक पहुंचने के लिए अभिषेक ने 9 छक्के और 7 चौके भी उड़ाए। यह इस सीजन का अभिषेक का पहला शतक है।
 
इस मैच से पहले तक अभिषेक को अच्छे स्टार्ट को मिल रहे थे, लेकिन उसे शतक में तब्दील नहीं कर पा रहे थे। हालांकि, दिल्ली के खिलाफ उन्होंने इसकी कसर पूरी की. दूसरे ओवर में उन्होंने अपनी पारी की पहली बाउंड्री लगाई और इसके बाद गेंदबाजों के पीछे ही पड़ गए। पांचवें ओवर में अभिषेक ने लगातार दो गेंदों पर छक्के उड़ाकर स्पीड पकड़ी। नौवें ओवर में अक्षर पटेल की पहली गेंद पर अभिषेक ने दो रन लेकर 25 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद कुलदीप यादव, टी नटराजन और मुकेश कुमार की गेंदों पर बाउंड्री बटोरते हुए अभिषेक देखते ही देखते शतक के करीब पहुंच गए। पारी के 15वें ओवर में नीतीश राणा की शुरुआती दो गेंदों पर अभिषेक ने दो मैक्सिमम लगाए और सेंचुरी पूरी कर ली।

अभिषेक शर्मा पारी के अंत तक नाबाद रहे। उन्होंने 68 गेंदों में नाबाद 135 रन बनाए। यह आईपीएल इतिहास में किसी बल्लेबाज द्वारा खेली गई 5वीं सबसे बड़ी पारी है। अभिषेक ने इस पारी में 10 चौके और 10 छक्के लगाए। अभिषेक का यह आईपीएल में दूसरा बेस्ट स्कोर है। पिछले सीजन उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ 141 रन बनाए थे. आईपीएल में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। उन्होंने 175 रन बनाए थे। ब्रेंडन मैकुलम 158 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं।

अभिषेक शर्मा ने विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली। अभिषेक का यह टी20 में नौवां शतक है, जिससे वह भारत के लिए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा टी20 सेंचुरी बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। विराट कोहली के नाम भी 9 ही टी20 शतक दर्ज हैं। टी20 में सबसे ज्यादा शतक का रिकॉर्ड गेल के नाम है। उन्होंने 22 शतक बनाए। बाबर आजम (12), डेविड वॉर्नर (10) इस लिस्ट में अन्य बल्लेबाज हैं।

इस पारी के साथ ही अभिषेक शर्मा आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं। उनके 7 मुकाबलों में 323 रन हो गए हैं। दूसरे स्थान पर उनके टीममेट हेनरिक क्लासेन हैं। क्लासेन ने 7 मैचों में 320 रन बना लिए हैं। गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल 265 रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। विराट कोहली (247) और वैभव सूर्यवंशी (246) टॉप-5 में अन्य बल्लेबाज हैं।