लंबी मशक्कत के बाद मानी वीसीके, विजय को दे दिया समर्थन, रविवार को ले सकते हैं तमिलनाडु के सीएम की शपथ
तमिलनाडु में एक्टर विजय की सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है। शनिवार को दिनभर के नाटकीय घटनाक्रम के बाद विजय को टीवीके के चार विधायकों को समर्थन मिला। इसमें वीसीके और आईयूएमएल के दो-दो विधायक शमिल हैं। अब विजय की शपथ को लेकर लोकभवन पर नजरें टिक गई हैं।
चेन्नई। तमिलनाडु की राजनीति में बदलाव के प्रतीक बनकर उभरे टीवीके चीफ थलपति को जरूरी 118 का बहुमत मिल गया है। वीसीके के साथ आईयूएमएल ने समर्थन का ऐलान कर दिया है। अब विजय की शपथ ग्रहण का रास्ता साफ हो गया है। विजय की टीवीके की जीत के बाद कमल हासन से लेकर बीजेपी नेता और अभिनेत्री खुशबू सुंदर उनके समर्थन में थे, हालांकि शपथ ग्रहण में हो रही देरी के कारण फैंस उदास हो रहे थे। इस सब के बीच विजय के बॉडीगार्ड सुरेश ने इंस्टाग्राम पर एक के स्टोरी सेक्शन में एक नोट छोड़ा था कि भरोसा रखें 'गुड न्यूज' आएगी। बॉडीगार्ड की पोस्ट के कुछ घंटे तक वीसीके ने समर्थन का ऐलान कर दिया।
सुरेश ने टीवीके प्रमुख का नाम लिए बगैर लिखा था कि कड़ी लड़ाइयों के बाद ही खूबसूरत नतीजे मिलते हैं। बॉडीगार्ड ने तमिल में यह भी जोड़ा कि कॉन्फिडेंट आ इरुंगा, नल्लथे नदक्कुम। मिड-डे के अनुसार इसका मोटा-मोटा अनुवाद है कि आत्मविश्वास बनाए रखें, फिर अच्छी चीजें होंगी। कांग्रेस के पास पांच विधायकों और भाकपा व माकपा के पास दो-दो विधायकों का शुक्रवार को विजय को समर्थन मिल गया था। अब वीसीके ने भी सपोर्ट दे दिया है।
तमिलनाडु में लंबी मशक्कत के बाद टीवीके की सरकार बनने का रास्ता साफ होने पर शनिवार देर शाम को टीवीके समर्थकों ने विजय के घर के बाहर आतिशबाजी की। विजय ने शनिवार को चार विधायकों का समर्थन लेने के बाद फिर एक बार राज्यपाल से मुलाकात की। अब तमिलनाडु में विजय की ताजपोशी तय मानी जा रही है। इससे पहले तमिलनाडु के गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने टीवीके को समर्थन मिलने पर अपना केरलम का दौरा रद्द कर दिया। विजय चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में शपथ लेंगे। यहां पर पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही हैं।