ब्रज स्वच्छता अभियान: अब नेशनल हाईवे और प्रवेश मार्गों पर गूंजेगा 'स्वच्छ ब्रज' का संदेश, पॉलीथिन पर सख्ती और जनभागीदारी पर जोर

मथुरा। ब्रज को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 'हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है' महाअभियान को अब और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। अभियान के तहत दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग, मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग और ब्रज के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर स्वच्छता संदेश वाले फ्लेक्स और होर्डिंग लगाए जाएंगे। साथ ही कपड़े के थैलों का वितरण, पॉलीथिन के उपयोग पर प्रभावी रोक, बॉटल-पॉलीबैग डिस्पोजल मशीनों की स्थापना और बाजारों में दुकानदारों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की गई है।

Jul 14, 2026 - 20:05
Jul 14, 2026 - 20:37
 0
ब्रज स्वच्छता अभियान: अब नेशनल हाईवे और प्रवेश मार्गों पर गूंजेगा 'स्वच्छ ब्रज' का संदेश, पॉलीथिन पर सख्ती और जनभागीदारी पर जोर
मंगलवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित कोर ग्रुप की बैठक में मौजूद अधिकारीगण।

मंगलवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित कोर ग्रुप की बैठक में अभियान को जनआंदोलन का रूप देने पर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, उद्यमियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव दिए।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि स्वच्छ ब्रज अभियान केवल मथुरा-वृंदावन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ब्रज क्षेत्र के प्रत्येक तीर्थस्थल और ग्रामीण अंचल तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से ब्रज को स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता, बल्कि इसके लिए समाज, व्यापारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता को ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित कर जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में विशेष रूप से मथुरा-वृंदावन की सब्जी मंडियों, ठेला-खोमचा क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ती गंदगी तथा पॉलीथिन के उपयोग पर चिंता व्यक्त की गई। लोगों को पॉलीथिन का विकल्प उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रारंभिक चरण में कपड़े के थैलों के वितरण की योजना बनाई गई। इस दौरान उद्यमी राजेश बजाज ने 500 कपड़े के थैले उपलब्ध कराने और साड़ी उद्योग से जुड़े उद्यमियों को भी अभियान से जोड़ने का आश्वासन दिया।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर बॉटल और पॉलीबैग डिस्पोजल मशीनें स्थापित की जाएंगी। इन मशीनों में प्लास्टिक की बोतलें जमा कराने वाले लोगों को प्रोत्साहन स्वरूप कपड़े के थैले उपलब्ध कराने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।

बैठक में सामाजिक सहयोग से स्वच्छता संदेश वाले फ्लेक्स, बैनर और होर्डिंग लगाने पर भी सहमति बनी। बताया गया कि कोई भी प्रतिष्ठान अपने नाम से स्वच्छता संदेश वाले होर्डिंग लगाकर इस अभियान में भागीदारी निभा सकता है। नवागत नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने इस कार्य में नगर निगम की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रत्येक दुकानदार अपनी दुकान और उसके सामने के क्षेत्र की स्वच्छता की जिम्मेदारी स्वयं निभाएगा। साथ ही रोडवेज और विभिन्न वाहन संगठनों के माध्यम से यात्रियों को सड़क पर कचरा न फेंकने के लिए जागरूक किया जाएगा, ताकि ब्रज क्षेत्र को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।

बैठक में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की सीईओ लक्ष्मी नागप्पन, मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता, नगर आयुक्त ओजस्वी राज, एडीएम (वित्त) पंकज कुमार, एसीईओ राजीव पाण्डेय, पर्यावरण सलाहकार मुकेश शर्मा, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार, उद्यमी दीपक गोयल, राजेश बजाज, राजेंद्र अग्रवाल (हाथी वाले), विपिन सिंघल तथा हार्टफुलनेस संस्था के निशांत शर्मा, विपुल अग्रवाल, मोहित और शैलेन्द्र सिंह सहित अन्य सदस्यों ने अभियान को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

SP_Singh AURGURU Editor