'संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ' का बिगुल: सपा कल निकालेगी जन आक्रोश मार्च, दिल्ली में छात्रों पर कार्रवाई और बुलडोज़र नीति के खिलाफ होगा प्रदर्शन
आगरा। समाजवादी पार्टी महानगर आगरा ने संविधान, लोकतंत्र और छात्रों के अधिकारों पर कथित हमलों के विरोध में 22 जुलाई को संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ जन आक्रोश मार्च निकालने की घोषणा की है। पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर होने वाला हर हमला देश की आत्मा पर प्रहार है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं, छात्रों, युवाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले नागरिकों से बड़ी संख्या में मार्च में शामिल होने का आह्वान किया।
महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने रविवार को प्रेसवार्ता में कहा कि रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोज़र कार्रवाई की तैयारी और दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज तथा आंसू गैस का प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि जनता की आवाज़ को बुलडोज़र और लाठियों के बल पर दबाने का प्रयास किया जाएगा तो समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को अपनी बात रखने, विरोध दर्ज कराने और संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करने की स्वतंत्रता भी लोकतांत्रिक व्यवस्था का मूल आधार है। छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों की आवाज़ को दबाने का कोई भी प्रयास संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है।
उन्होंने बताया कि 22 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाला संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ जन आक्रोश मार्च डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क, बिजलीघर, आगरा से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट तक जाएगा। मार्च में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र, युवा तथा संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले नागरिक शामिल होंगे।
सपा महानगर अध्यक्ष ने लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले नागरिकों, छात्रों, युवाओं, सामाजिक संगठनों तथा संविधान में आस्था रखने वाले सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मार्च में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।