दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरी, एक की मौत,  अमित शाह ने  रद्द किया गोवा दौरा,  रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। हादसे की खबर मिलते ही अमित शाह ने गोवा दौरा रद्द कर दिया, जबकि दिल्ली सरकार और कई एजेंसियां युद्धस्तर पर राहत-बचाव में जुट गईं।

Sep 6, 2026 - 17:58
 0
दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरी, एक की मौत,  अमित शाह ने  रद्द किया गोवा दौरा,  रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को इमारत ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग मलबे में दबे हुए हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गोवा का अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया। घटना के बाद दिल्ली में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। मलबे में लोगों के फंसे होने की सूचना के बाद कई एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और युद्ध स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता भी मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्यों की निगरानी कर रही हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि डीडीएमए, एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, एमसीडी, कैट्स और सिविल डिफेंस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि एहतियात के तौर पर बगल की इमारत को भी खाली करा लिया गया है। उन्होंने कहा कि फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना और प्रभावित परिवारों को तत्काल मदद पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि फिलहाल सरकार का पूरा ध्यान लोगों की जान बचाने और प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद पहुंचाने पर है। मंत्री आशीष सूद ने भी घटना पर चिंता जताई और बताया कि दिल्ली फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। उन्होंने संबंधित टीमों को लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने हादसे को हृदयविदारक बताया और मलबे में फंसे लोगों को जल्द सुरक्षित निकालने की बात कही।

दिल्ली फायर ब्रिगेड के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली। इसके करीब 20 मिनट बाद दोपहर 1:50 बजे स्टेशन ऑफिसर नरेंद्र घटनास्थल पर पहुंचे। वहां एक इमारत के ढहने और कुछ लोगों के मलबे में फंसे होने की जानकारी मिली। इसके बाद बचाव अभियान के लिए अतिरिक्त संसाधन और अधिकारी मौके पर भेजे गए।

सत्य निकेतन में बचाव अभियान लगातार जारी है। दिल्ली फायर सर्विस के साथ एनडीआरएफ, दिल्ली पुलिस, एमसीडी, डीडीएमए और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर समन्वय के साथ काम कर रही हैं। प्रशासन ने आसपास के इलाके में एहतियाती कदम उठाए हैं। हादसे में एक व्यक्ति की मौत और तीन लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि पुलिस सूत्रों ने की है। अधिकारियों का पूरा ध्यान मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और प्रभावित परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचाने पर है।