बस के टूटे फर्श से गिरकर बालिका की मौत के मामले में डीसीपी पहुंचे पीड़ित परिवार के घर, गंभीर धाराओं में मुकदमा, स्कूल व बस की जांच शुरू

आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र के स्कूल बस हादसे में एक मासूम की दर्दनाक मौत के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। घटना के बाद पुलिस उपायुक्त आदित्य कुमार सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। वहीं आक्रोशित स्थानीय लोगों ने स्कूल और उसके प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। पुलिस ने हादसे में शामिल बस को कब्जे में ले लिया है और परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Mar 12, 2026 - 17:57
 0
बस के टूटे फर्श से गिरकर बालिका की मौत के मामले में डीसीपी पहुंचे पीड़ित परिवार के घर, गंभीर धाराओं में मुकदमा, स्कूल व बस की जांच शुरू
हादसे में मृत मासूम नैना का फाइल फोटो।

आगरा। एत्मादपुर क्षेत्र में हुए स्कूल बस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मासूम छात्र की मौत से गुस्साए लोगों ने प्रशासन से कठोर कार्रवाई की मांग की है।

बीते कल जर्जर बस का फर्श टूटने से नौ साल की छात्रा नैना (निवासी नगला लाले) नीचे सड़क पर आ गिरी थी और बस के पहिए से कुचलकर उसकी मौत हो गई थी।

पुलिस उपायुक्त आदित्य कुमार सिंह आज मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठाए।

बस को पुलिस ने लिया कब्जे में

एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह (देवेश कुमार) ने बताया कि हादसे में शामिल स्कूल बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मृतक बच्चे के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

एसीपी ने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग से आरवीएस स्कूल भागूपुर के बारे में जानकारी मांगी गई है। वहीं आरटीओ विभाग से भी स्कूल बस के बारे में जानकारी मांगी गई है। दोनों विभागों से रिपोर्ट मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
एसीपी देवेश सिंह ने बताया कि आरटीओ विभाग से बस से संबंधित दस्तावेज और फिटनेस की जानकारी, जबकि बीएसए कार्यालय से स्कूल से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।

गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा गंभीर धाराओं में दर्ज किया जा रहा है। जांच के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।

इस हादसे ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा और निगरानी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

SP_Singh AURGURU Editor