श्रीजगन्नाथ मंदिर में हरिनाम की गूंज और पुष्पाभिषेक: गौर आविर्भाव महोत्सव में भक्ति की बयार

आगरा। भक्ति, उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर वातावरण में कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में गौर आविर्भाव महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। चैतन्य महाप्रभु के प्राकट्योत्सव पर मंदिर परिसर पुष्पों, संकीर्तन और श्रद्धालुओं की उमंग से जगमगा उठा। दिनभर चले धार्मिक अनुष्ठानों में भक्त भाव-विभोर होकर हरिनाम संकीर्तन पर झूमते नजर आए।

Mar 4, 2026 - 21:03
 0
श्रीजगन्नाथ मंदिर में हरिनाम की गूंज और पुष्पाभिषेक: गौर आविर्भाव महोत्सव में भक्ति की बयार
इस्कॊन मंदिर में गौर आविर्भाव महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को आयोजित कार्यक्रमों की एक झलक।

मंगला आरती से आरंभ हुआ उत्सव

प्रातः 4:30 बजे मंगला आरती के साथ उत्सव की शुरुआत हुई। भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलराम को नई पोशाक धारण कराकर विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर में आकर्षक फूल बंगला सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

महोत्सव के दौरान श्रीकृष्ण चैतन्य महाप्रभु, प्रभु नित्यानंद, श्रीअद्वैत आचार्य, श्रीगदाधर पंडित और श्रीवास ठाकुर के संग चैतन्य महाप्रभु का विविध पुष्पों से भव्य अभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण और शंखध्वनि के बीच हुआ यह अभिषेक वातावरण को दिव्यता से भर गया।

भक्ति आंदोलन के प्रणेता

इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने बताया कि श्रीकृष्ण का ब्रज कालांतर में विलुप्त हो गया था, जिसे चैतन्य महाप्रभु ने अपने शिष्यों की सहायता से पुनः खोजा। उन्होंने युग धर्म के प्रचार हेतु अपने पार्षदों के साथ अवतार लिया और नगर कीर्तन के माध्यम से भक्ति आंदोलन को नई दिशा दी।

हरिनाम संकीर्तन पर झूमे भक्त

संध्या काल में पुनः पुष्पाभिषेक के उपरांत मृदंग और मंजीरों की थाप पर “हरे राम हरे कृष्णा” की गूंज से मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु भक्ति में डूबकर नृत्य करते रहे। हरिनाम संकीर्तन में युवा, बुजुर्ग और महिलाएं समान उत्साह से सहभागी बने।

चैतन्य महाप्रभु के प्रिय व्यंजन लौकी की खीर, कटहल के बीज, चावल आदि का विशेष प्रसाद अर्पित किया गया। साथ ही छप्पन भोग की भव्य व्यवस्था ने आयोजन को और भी विशिष्ट बना दिया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से नितेश अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, सुनील मनचंदा, सुशील अग्रवाल, नवीन सिंघल, शैलेश बंसल, ओमप्रकाश अग्रवाल, संजय कुकरैजा, राजीव मल्होत्रा, संजीव मित्तल, संजीव बंसल, राजेश उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor